
16.50 crore to restoration of Gandhi Memorial Hospital
रीवा। विंध्य के सबसे पुराने गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के जीर्णोद्धार की कवायद शुरू हो गई। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने निर्माण के लिए एजेंसी तय कर दी है। जबलपुर सुपर हॉस्पिटल का निर्माण करने वाली एजेंसी रामा कंस्ट्रक्शन को गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के जीर्णोद्धार का कार्य सौंपा गया है।
बरसात बाद यह कार्य शुरू होगा। हॉस्पिटल का सामने का लुक अत्याधुनिक डिजाइन का होगा। गायनी विभाग अन्तर्गत अलग से एक मैटरनिटी विंग की बिल्डिंग बनाई जाएगी। शिशु रोग विभाग में रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। प्रोजेक्ट में अस्पताल में शौचालय निर्माण का काम भी शामिल है। इसके अलावा बाह्य रोग विभाग और गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल के बीच के स्थान में फर्श का निर्माण भी किया जाएगा। श्यामशाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. पीसी द्विवेदी ने कहा कि पूरे प्रोजेक्ट पर १६ करोड़ पचास लाख रुपए खर्च होंगे। इस प्रोजेक्ट को एक साल की अवधि में पूरा होना है।
फॉर्मेसी कॉलेज का प्रस्ताव भेजा
दो साल पहले मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने फॉर्मेसी कॉलेज का प्रस्ताव तैयार किया था। जिसे चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेज दिया गया है। 60 सीट के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग भोपाल से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से मंजूरी लेनी है। इसकी कवायद तेज हो गई है। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार जल्द ही हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। बी फार्मा और एम फार्मा के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
चिकित्सकों की जल्द शुरू होगी भर्ती
श्यामशाह मेडिकल कॉलेज का सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बनकर तैयार हो गया है। उद्घाटन से पहले चिकित्सकों की भर्ती की प्रक्रिया करने को अनुमति चिकित्सा शिक्षा विभाग ने दी है। जल्द भर्ती शुरू होगी। प्रथम चरण में सौ चिकित्सकों के विभिन्न पद भरे जाएंगे। मालूम हो कि सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, कार्डियक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूनेटोलॉजी, यूरोलॉजी आदि सुपर स्पेशलिटी चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध होगी। भवन बनकर तैयार हो गया है। आपरेशन थियेटर में काम चल रहा है। हालांकि उद्घाटन को लेकर अभी 15 अगस्त की तिथि आगे बढ़ सकती है।
Published on:
9 Aug 2018, 12:32 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.