27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चाट खिलाकर कोरोना बांटने वाले ठेला संचालक पर दर्ज हुआ मामला

मऊगज के वार्ड क्र. 5 में मिले थे कोरोना मरीज, जालियां लगाकर बंद किये गए रास्ते
2 min read
Google source verification
patrika

A case has been registered against a handpick operator who distributes

रीवा। संक्रमित व्यक्ति के ठेले से चाट खाकर कई लोगों के बीमार होने की घटना ने प्रशासन की नींद उड़ा रखी है। सामान्य दिनों की अपेक्षा गुरुवार को प्रशासन काफी सख्त नजर आया। सभी मार्गों को जालियां लगाकर बंद करने के बाद सड़कों पर अकारण घूमने वालों से भी पुलिस सख्ती से निपट रही थी।

17 लोग आए थे संक्रमित
मऊगंज के वाड्र क्र. 5 में लॉक डाउन के बाद एक व्यक्ति चाट का ठेला लगाकर बिक्री करता था। उसकी चाट खाकर एक वार्ड के 17 लोग संक्रमित हो गए जिनकी रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन की नींद उड़ गई। पूरा मामला सामने आने के बाद एक दिन पूर्व विधायक प्रदीप पटेल व जिला कलेक्टर इलैया राजा टी ने वार्ड का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। लॉक डाउन के बाद भी चाट का ठेला लगाकर कोरोना संक्रमण फैलाने वाले दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी रुद्र प्रसाद गुप्ता उर्फ राजा पिता लखपति प्रसाद गुप्ता 45 वर्ष निवासी वार्ड क्र. 5 मऊगंज के खिलाफ धारा 188, 269, 270, 271, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 महामारी अधिनियम की धारा 3 के तहत नामजद किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर चाट बिक्री में शामिल परिवार के अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।

आधा दर्जन वार्डों को बनाया गया कंटेनमेंट
गुरुवार को प्रशासन ने वार्ड क्र. 5 के अलावा 3, 4, 6, 7, 8, 10, 15 को सील कर दिया है और उन्हें कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर, एसडीएम एपी द्विवेदी सहित पूरा प्रशासनिक अमला व थाने का बल इन वार्डों में व्यवस्था बनाने में जुटा रहा। लोगों की इन वार्डों में आवाजाही रोकने के लिए रोकने के लिए लोही जालियां सभी मार्गों में लगाई गई है और सभी लोगों को अपने घरों में सुरक्षित रहने की समझाईश दी गई है। अधिकारियों ने कई वार्डों का पैदल भ्रमण किया और इन सभी वार्डों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं तहसीलदार सहित अन्य पुलिस बल सड़कों पर चेकिंग लगाकर अकारण घूमने वालों से सख्ती से निपट रहा था। समझाईश के बाद भी न मानने वालों लोगों को पुलिस ने डंडे से समझाया। पूरा मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा।

यहां हुई चूक
इस पूरे मामले में प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। दरअसल वार्ड क्र. 5 व 8 करीब सप्ताह भर पहले कंटेनमेंट जोन घोषित हो चुके थे। यहां पर प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन का बैनर तो लगवा दिया लेकिन सड़कों पर बैरीकेट्स नहीं लगवाए। मुख्य मार्ग ही खुला रहा जिससे वार्ड के लोगों की आवाजाही बनी रही। यहां तक कि खुलेआम चाट का ठेला भी चलता रहा और लोग लॉक डाउन में चाट का स्वाद लेने पहुंच रहे थे। प्रशासनिक अमला भी बैनर लगाने के बाद कभी झांकने गया जिससे समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया।

एसपी पहुंचे मऊगंज, लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश
नगर में हुए कोरोना विस्फोट के बाद गुरुवार को पुलिस अधीक्षक राकेश कुमर सिंह भी मऊगंज पहुंचे और पुलिस बल से मौजूदा स्थिति को लेकर चर्चा की। उन्होंने लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने के साथ ही अकारण घूमने वालों पर प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिये है। उन्होंने कंटेनमेंट जोन पर भी सतत निगरानी के निर्देश दिये है।

संक्रमण रोकने बरती जा रही सख्ती
लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। कंटेनमेंट जोन में बैरीकेट्स लगवाए गए है ताकि कोई भी उक्त इलाके में प्रवेश करें। कंटेनमेंट जोन के सभी मार्गों को सील कर दिया गया है। जो भी लॉक डाउन का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
विजय डाबर, एएसपी मऊगंज