
Bike thief gang caught, 10 vehicles recovered
रीवा. शहर में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देकर कोहराम मचाने वाले शातिर बदमाशों की गैंग को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की कई गाडिय़ां बरामद हुई हंै। शनिवार रात समान थाना प्रभारी प्रभात शुक्ला वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नम्बर की बाइक में तफरी करते युवक को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोक लिया। जब पुलिस ने गाडी के कागज मांगे तो वह भ्रमित करने लगा। पुलिस उसे थाने ले आई, जिससे कड़ाई से पूछताछ करने पर बड़े वाहन चोर गिरोह का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के चोरी की दस बाइक बरामद हुई हैं।
ये आरोपी पकड़े गए
पकड़े गए आरोपियों में मोहित तिवारी निवासी अजगरहा, पंकज मिश्रा (20) संजय नगर, शुभम सिंह (22), शुभम सिंह (19) दोनों निवासी संजय नगर शामिल हैं। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस गिरोह के तीन सदस्य अभी फरार हैं जिनके पकड़े जाने पर चोरी की अन्य गाडिय़ां बरामद हो सकती है। आरोपियों ने चोरी की बाइकों को अलग-अलग स्थानों में छिपाया था। गाड़ी खराब होने का बहाना बताकर परिचितों के घरों में खड़ा कर दिया था। आरोपियों ने शहर में बाइक उड़ाने वाले अन्य गिरोहों की भी जानकारी दी है जिनकी भी पुलिस तलाश कर रही है।
कम उम्र में महंगे शौक ने बना दिया अपराधी
कम उम्र में महंगे शौक पालने की वजह से ये युवक अपराधी बन गए। महंगे मोबाइल रखने और गाडिय़ों में घूमने के शौक को पूरा करने के लिए कई महीनों से बाइक चोरी की वारदात को युवक अंजाम दे रहे थे। हालांकि उन्होंने कितनी गाडिय़ां बेची है इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।
ट्रेस किया जा रहा नम्बर
शिवेन्द्र सिंह, सीएसपी रीवा ने बताया कि बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चार युवकों को पकड़ा गया है। 10 गाडिय़ां आरोपियों से बरामद हुई है जिनका नम्बर ट्रेस कराया जा रहा है। आरोपियों ने पूछताछ में जिन लोगों के नाम बताए है उनकी भी तलाश की जा रही है।
Published on:
27 Aug 2018 12:38 am
