
BJP leader and guest scholar fought, during Admission in GDC Rewa
रीवा। शासकीय कन्या महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को दोपहर उस समय हडक़ंप मच गया, जब जिला पंचायत उपाध्यक्ष विभा पटेल महाविद्यालय के अतिथि विद्वान अमिताभ मिश्रा पर बिफर पड़ी। भतीजी का आवेदन पत्र जमा कराने पहुंची उपाध्यक्ष ने कहा, अतिथि विद्वान ने उनके साथ अभद्रता की है। उनका कहना है कि आवेदन पत्र जमा करने के लिए भतीजी लाइन में लगी थी। उसके पास वह खड़ी हुई लेकिन अतिथि विद्वान ने बाहर निकल जाने को कहा।
अपमान करने का लगाया है आरोप
जिला पंचायत उपाध्यक्ष का आरोप है कि उपाध्यक्ष ने जब अतिथि विद्वान से परिचय दिया तो जबाव में कहा कि कोई भी हो। मंत्री व सांसद भी होते तो उन्हें भी यहां खड़े होने की अनुमति नहीं दी जाती। उपाध्यक्ष ने इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान करार दिया है। मामले में अतिथि विद्वान का कहना है कि उपाध्यक्ष लाइन से इतर आवेदन जमा कराना चाहती थी।
काफी देर तक मचा रहा हडक़ंप
इस पर लाइन में देर से खड़ी बाकी की छात्राओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया, इसलिए उपाध्यक्ष बाद में आने के लिए कहा गया। इतने पर वह बिफर पड़ी। फिलहाल जो भी हो, उपाध्यक्ष व अतिथि विद्वान के बीच हुए इस घटनाक्रम से महाविद्यालय में काफी देर तक हडक़ंप का माहौल रहा। बाद में महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने उपाध्यक्ष को समझाते हुए शांत कराया।
-----------------------
सीएलसी राउंड में प्रवेश को कॉलेजों में उमड़े छात्र
कॉलेजों में प्रवेश के लिए मंगलवार को छात्र-छात्राओं की ऐसी भीड़ उमड़ी कि स्थिति नियंत्रण के बाहर हो गई। सबसे ज्यादा भीड़ शासकीय कन्या महाविद्यालय में देखने को मिली। वहां छात्राओं के लिए खड़े होने का स्थान नहीं बचा।
नौ अगस्त तक जमा हो सकेगा आवेदन
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया के तहत सीएलसी राउंड में मंगलवार, सात अगस्त से आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हुई। छात्र-छात्राएं नौ अगस्त तक कॉलेजों में आवेदन जमा करने के साथ ही पाठ्यक्रम का विकल्प चुन सकेंगे। इस प्रक्रिया के पहले दिन जीडीसी सहित कई कॉलेजों में भारी भीड़ जमा हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जीडीसी ज्यादातर स्टॉफ को प्रवेश कार्य में लगा दिया गया।
टीआरएस में स्थिति रही सामान्य
वैसे तो टीआरएस कॉलेज में भी स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में करीब दो हजार सीट खाली है। लेकिन अभी तक 60 फीसदी अंक की बाध्यता समाप्त नहीं की गई है। इसलिए छात्र-छात्राओं की संख्या सीमित रही है। छात्र-छात्राओं को 60 फीसदी अंक की बाध्यता खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। छात्रों को कलेक्टर की ओर से भी आश्वासन मिला है।
मॉडल कॉलेज सीट बढ़ाने की मांग
छात्रों ने मॉडल साइंस कॉलेज में सीट बढ़ाने की मांग की है। महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष आकांक्षा तिवारी व सचिव अंकित तिवारी ने प्राचार्य को इस बावत ज्ञापन सौंपा है। दलील है कि अभी भारी संख्या में छात्र प्रवेश से वंचित हैं। गौरतलब है कि कॉलेज प्राचार्य को 10 से 20 फीसदी तक सीट बढ़ाने का अधिकार है। इसके लिए शासन से अनुमति लेना पड़ता है।
Published on:
8 Aug 2018, 2:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.