
CM road show in Rewa: I used to be injured by flowers ...
रीवा. भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रीवा पहुंचे। शहर के ढेकहा से उनका रोड शो प्रारंभ हुआ, जिसका जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। यात्रा के समापन पर पद्मधर पार्क में सभा आयोजित की गई, जहां पर सीएम ने कहा कि रीवा का विकास देखकर मन गदगद हो गया, यहां के लोगों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। हर जगह व्यापारियों एवं अलग-अलग संगठनों ने स्वागत किया, इतने फूल बरसाए गए कि मैं तो इनकी मार से घायल हो गया।
उन्होंने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार गरीबी हटाने का नारा देती थी लेकिन कोई काम नहीं हुआ। हमने जन्म से लेकर पूरे जीवन तक के लिए योजनाएं बनाई हैं। गरीबों के सपने को मरने नहीं दूंगा, खुशहाल और समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प लिया है, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। कहा कि रीवा जिले की सभी सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जिताएं ताकि और मजबूती के साथ विकास को आगे बढ़ाया जा सके। गरीबों, युवाओं, महिलाओं, किसानों आदि के लिए बनाई गई योजनाओं का गुणगान करते हुए कहा कि संबल योजना गरीबों के लिए सुरक्षा कवच है। 32 मिनट के भाषण में शिवराज ने अपनी योजनाएं गिनाने के साथ ही कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधा।
मंत्री का छलका दर्द, बोले आधारहीन आरोप
एक ओर जहां रीवा के विकास का श्रेय सीएम ने राजेन्द्र शुक्ल को दिया। वहीं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने सीएम का स्वागत करते हुए बाणसागर, टाइगर सफारी, सोलर प्लांट, आडिटोरियम जैसे बड़े कार्य गिनाए और कहा कि इन्हीं की वजह से रीवा का विकास हुआ है। इस बीच उन्होंने सीएम से कहा कि आधारहीन आरोपों की राजनीति हो रही है, जिससे मन व्यथित है। कहा कि एक वीडियो जारी किया गया है जिसमें मुंबई में फाइव स्टार होटल की बात है। गीत गाने वाली ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि जबरिया गवाया गया है।
आप होटल से परेशान हो, हमारी दक्षिण अफ्रीका में खदाने बताई
उन्होंने कहा कि हम सुचिता की राजनीति करते हैं, पिछले चुनाव में ज्योतिरादित्य ने साजिश कर डायरी के आधार पर खबर छपवाई की ५० लाख की रिश्वत ली है। इसके बाद पार्टी से मैंने स्वयं अनुरोध किया था कि हमें टिकट नहीं दी जाए। शुक्ला ने कहा कि हम ऐसी राजनीति से विचलित नहीं होंगे। इस पर शिवराज ने अपने भाषण में कहा कि आप होटल में परेशान हो, हमारी तो दक्षिण अफ्रीका में खदानें बता दी गई हैं। इस पर हमें ध्यान नहीं देना है।
ढेकहा से पद्मधर पार्क तक स्वागत
सीएम के रोड शो में ढेकहा भाजपा कार्यालय के पास से स्वागत का सिलसिल शुरू हुआ, जो जयस्तंभ, बांसघाट, रेवांचल बसस्टैंड, महाराजा होटल के पास, कालेज चौक, नरेन्द्र नगर मोड, शिल्पी प्लाजा, स्वागत भवन, प्रकाश चौक, स्टेच्यू चौक आदि में स्वागत किया गया। अलग-अलग व्यापारियों के संगठन सर्राफा व्यापारी, कपड़ा व्यवसाई, विंध्य व्यापारी युवा संघ, फुटकर व्यापारी संघ, फुटपाथ व्यापारी सहित अन्य ने स्वागत किया। शिल्पी प्लाजा में व्यापारियों ने साफा पहनाया, स्टेच्यू चौक के पास युवा व्यापारी संघ ने केक भेंट की। इसके साथ ही सामाजिक संगठन और भाजपा महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, युवा मोर्चा, अजा मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा आदि ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत किया।
Published on:
24 Oct 2018 01:11 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
