
letest news rewa : death of the worker in the mine, bawal
रीवा. सीमेंट कंपनी की खदान में पत्थर लेने गए ट्रैक्टर चालक की तडक़े पत्थर गिरने से मौत हो गई। साथ में गए लोग शव घर के सामने लिटाकर भाग गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने शव को फैक्ट्री के गेट के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। तनाव को देखते हुए पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। घटना चोरहटा थाने के बैजनाथ गांव की है।
अजय केवट पिता रामदयाल (17) गांव के लल्लन पाल का ट्रैक्टर चलाता था। किशोर शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मालिक के कहने पर पत्थर लेने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के माइंस में गया था। सुबह जब श्रमिक पत्थर भर रहे थे तभी अचानक ऊपर के ढेर से एक बड़ा पत्थर ढलान की वजह से नीचे गिर आया। इस दौरान किशोर नीचे खड़ा हुआ था जिस पर पत्थर उसके ऊपर गिरा। विशाल पत्थर के नीचे दबकर किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजन दोपहर में किशोर का शव लेकर सीमेंट फैक्ट्री के गेट के सामने पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मुआवजा व नौकरी की मांग
स्थानीय लोगों ने पीडि़त परिवार को मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तनाव को देखते हुए पूरा फैक्ट्री परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। नगर पुलिस अधीक्षक शिवेन्द्र सिंह, तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाइश देकर शंात करवाने का प्रयास किया लेकिन वे मांगों को लेकर अड़े रहे।
शव को घर के सामने छोडक़र भागा मालिक
सुबह माइंस में पत्थर लेने गए लोग हादसे में किशोर की मौत के बाद उसके शव को चोरी छिपे घर ले कर आए और घर के सामने खटिया में लिटाकर भाग गए। जब परिजनों की नींद खुली तो घर के बाहर खून से लथपथ हालत में उसका शव देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया जहां काफी खून पड़ा था। सीन आफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. आरपी शुक्ला ने भी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चोरी से पत्थर से लेने गए थे श्रमिक
उक्त खदान अल्ट्राट्रेक सीमेंट फैक्ट्री की थी जहां पत्थरों का काफी ढेर लगा था। रात में यहां से पत्थर चुराकर उसको क्रशर में लोग बेचते हंै। ट्रैक्टर मालिक ने उनको पत्थर चुराकर लाने के लिए भेजा था लेकिन उसी समय हादसा हो गया जिससे मालिक की करतूत सामने आ गई। फैक्ट्री प्रबंधन ने खदान के आसपास न तो बाऊंड्री बनवाई है और न ही गेट लगाया है। यहां तक कि कोई सुरक्षाकर्मी भी यहां तैनात नहीं रहते है जिसकी वजह से पत्थर चुराने की लालच में रात के अंधेरे में लोग यहां पहुंच जाते हैं।
पुलिस ने किया शव को रोकने का प्रयास
परिजन किशोर के शव को लेकर ट्रैक्टर से फैक्ट्री के गेट पर आ रहे थे। पुलिस ने रास्ते में शव को रोककर परिजनों को समझाइश देने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। परिजन शव लेकर फैक्ट्री की गेट के पास आ गए जहां रखकर शाम तक प्रदर्शन करते रहे। कंपनी के अधिकारी पहले बाहर निकलने को भी तैयार नहीं थे लेकिन जब पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो अधिकारी बात करने के लिए बाहर निकले।
----------------------------
खदान में पत्थर से दबकर युवक की मौत हुई थी जिसके शव को आरोपी घर के सामने छोडक़र फरार हो गए थे। स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को फैक्ट्री के सामने रखकर प्रदर्शन किया था। मर्ग कायम कर घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शिवेन्द्र सिंह बघेल, सीएसपी रीवा
Published on:
29 Jun 2018 09:30 pm
