शनिवार को शुभ मुहुर्त में लक्ष्मणबाग मंदिर से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा सज धज के रथ पर सवार हुए। गाजे-बाजे के साथ रथयात्रा किला की ओर से रवाना हुई। महामृत्युंजय मंदिर पर रीवा राज घराने की परंपरा का निर्वाहन पुष्पराज सिंह ने किया। पूजा-अर्चना के बाद फोर्ट रोड होते हुए रथयात्रा आगे बढ़ी। भगवान जगन्नाथ के दर्शनों को फोर्ट रोड जाम हो गई। बच्चे, महिलाएं, पुरुष सभी मय परिवार रथयात्रा के आगमन की प्रतीक्षा मार्गों पर करते रहे। जैसे ही रथयात्रा पहुंचती। भगवान जगन्नाथ के जयकारों से मार्ग गुंजायमान हो जाते। भगवान के साथ रथ पर सवार पुजारी लोगों को प्रसाद प्रदान करते। जिसके लिए एकाएक होड़ सी मच जाती। फोर्ट रोड से जय स्तंभ होते हुए रथ यात्रा सिरमौर चौक, अस्पताल मार्ग से प्रकाश चौक होते हुए देर रात मानस भवन पहुंची। मानस भवन पहुंचने पर मानस मंडल परिवार ने भगवान जगन्नाथ की अगुवानी की। आरती के साथ भगवान रात्रि विश्राम के लिए मानस भवन में ठहर गए। रविवार की सुबह यहां पूजा-अर्चना होगी। दोपहर में भंडारे का आयोजन होगा। इसके बाद भगवान जगन्नाथ वापस लक्ष्मणबाग को लौट जाएंगे। डॉ. दीनानाथ शास्त्री डीपी सिंह परिहार, डॉ. एचके पांडेय, रामसहाय मिश्रा, राजमणि मिश्रा, आशीष मिश्रा, पुजारी रामसजीवन शास्त्री, भैयालाल शास्त्री, कृष्णकांत शास्त्री, मुन्नालाल गुप्ता, अमृतलाल पांडेय सहित अन्य लोग रथ यात्रा के दौरान मौजूद रहे।
जगह-जगह हुआ स्वागत
भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। फोर्ट रोड, तरहटी, जय स्तंभ चौक, सिरमौर चौक सहित शहर के अन्य स्थानों पर व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों की तरफ से रथयात्रा पर पुष्पवर्षा कर भगवान के आगमन का स्वागत किया गया।
साथ चले ननि के कचरा वाहन
भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान प्रसाद वितरण के बाद सड़क पर फैलने वाले कचरे को उठाने के लिए नगर निगम ने चार कचरा वाहन लगाए थे। जो कचरे को कलेक्ट करते गए। स्वच्छता का इस दौरान जन सैलाब में संदेश भी प्रेषित किया गया।