रीवा. एक दिन पूर्व रहस्यमय ढंग से लापता हुए बच्चे का मंगलवार की सुबह कुएं में शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना से पूरे कस्बे में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजनों ने बच्चे की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगाम किया जिनको पुलिस ने समझाइश देकर शांत करा दिया। घटना त्योंथर चौकी के चिल्ला गांव की है। सिरमौर निवासी सोनू गुप्ता का चार वर्षीय बेटा शौर्य सोहागी थाना के चिल्ला बाजार में अपने ननिहाल आया हुआ था। सोमवार सुबह बच्चा घर के बाहर खेल रहा था उसी दौरान वह रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। काफी देर तक जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया। दिनभर चिल्ला बाजार, पचामा, त्योंथर सहित अन्य स्थानों में परिजन खोजते रहे लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
तनाव के चलते पुलिस बल तैनात
मंगलवार की सुबह उक्त बच्चे का घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं में शव मिलने सनसनी फैल गई। तड़के करीब साढ़े पांच बजे घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिस पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन बच्चे की हत्या का आरोप लगा कर हंगामा करने लगे। इस दौरान एसडीओपी सहित सोहागी थाने का बल भी मौके पर पहुंच गया। परिजनों की मदद से बच्चे के शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। सीन आफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डा. आरपी शुक्ला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया जिन्होंने भौतिक साक्ष्य एकत्र किये। खोजी डाग की मदद से घटना की जानकारी जुटाने का प्रयास किय गया। हालांकि बच्चे के शरीर में कोई बाहरी चोट के निशान नहीं थे। घटना से पूरे कस्बे में तनाव का वातावरण निर्मित हो गया जिसको देखते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। दोपहर पुलिस ने बच्चे शव का पोस्टमार्टम कराया जिसे परिजन लेकर सिरमौर रवाना हो गये। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद ही मौत के कारण सामने आयेंगे।