
murder by Army man
रीवा. रायपुर कर्चुलियान के कोष्ठा में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक आरोपी सेना का जवान है। आरोपियों ने एके-47 से गोली मारकर युवक की हत्या की थी। वारदात में प्रयुक्त एक-47 रायफल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। युवकों ने पूरी योजना बनाकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
मौके पर मिले थे खून के धब्बे
कोष्ठा में 16 जून रात करीब 11 बजे गोली चलने की स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके से गोली के दो खोखे, मोबाइल, खून के धब्बे व बाइक मिली थी। उक्त मोबाइल सुरेश उर्फ नीलू गौतम (30) पिता रामलला निवासी मढ़ा मनगवां का था। परिजनों ने विश्वविद्यालय थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में दो संदेहियों धीरेन्द्र सिंह गहरवार उर्फ धीरु व उसके भाई नागेन्द्र सिंह उर्फ शिवेन्द्र सिंह निवासी मझिगवां सगरा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो हत्या की बात स्वीकार कर ली। दोनों भाइयों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी खुटेही मोहल्ले से अपनी कार (जेएच 01 सीएल 9999) से युवक को कोष्ठा लेकर गए जहां जमकर शराब पिलाई। जब युवक को काफी नशा हो गया तो अपनी एके 47 रायफल से दो गोलियां मारी जिसमें युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बाद में कार से ही युवक के शव को लेकर क्योंटी पहुंचे और प्रपात में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय से सात दिन की रिमांड पर लिया है। पकड़ा गया आरोपी धीरेन्द्र सिंह उर्फ धीरू सेना में लांस दफादार है जो 82 आर्मड रेजीमेंट रांची झारखंड में पदस्थ है। 9 जून से 9 जुलाई तक की छुट्टी लेकर वह रीवा आया था। आइजी उमेश जोगा, डीआइजी अविनाश शर्मा व एसपी सुशांत सक्सेना के मार्गदर्शन में रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी उमेश मार्को, विश्वविद्यालय थाना प्रभारी शेर अली, उपनिरीक्षक उदयभान पिंड्रो ने हत्याकांड का खुलासा किया है।
रिश्तेदार के घर से छिपा रखी थी एके-47 रायफल
उक्त आरोपी वारदात के बाद अपने रिश्तेदार अंकित सिंह निवासी टेडग़वां थाना कोटर सतना के घर पहुंचे जहां वारदात में प्रयुक्त रायफल छिपा दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने रिश्तेदार के घर से रायफल बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया है जिसे इस हत्याकांड में नामजद किया गया है।
योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
आरोपी घटना दिनांक को युवक को पूर्व से चल रहे विवाद में समझौता करवाने के लिए साथ ले गए थे। युवक आरोपियों के नापाक इरादों से पूरी तरह अनजान था। योजना के मुताबिक ही शराब पिलाई ताकि वारदात के समय विरोध न कर पाये। हत्या के इरादे से ही आरोपी अपने साथ रायफल लेकर गए थे।
रीवा में मिली अवैध एके-47, तीन मैग्जीन में थी 87 राऊंड गोलियां
रीवा जिला अवैध हथियारों का गढ़ बन गया है। अभी तक पिस्टल, कट्टा अपराधियों के पास मिलते थे लेकिन पहली बार पुलिस को एके-47 रायफल मिली है जो आमतोर पर सेना व पुलिस के पास मिलती है। हैरानी की बात है कि रायफल के साथ पुलिस ने तीन मैग्जीन बरामद की है जिसमें 87 राऊंड गोलियां थी। उक्त रायफल का किसी प्राइवेट व्यक्ति को लाइसेंस नहीं दिया जा सकता है। आशंका जताई जा रही कि आरोपी सेना में रहते हुए कूपवाड़ा से अवैध तरीके से यह रायफल लेकर आया है। उसके बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने सेना के मुख्यालय को भी रायफल के संबंध में पत्र लिखकर जानकारी मंगाई है।
संपत्ति बेचने को लेकर था विवाद
आरोपियों का संपत्ति बेचने को लेकर युवक से विवाद था। सिरमौर थाने के कटहा गांव में रहने वाली महिला प्रेमवती की जमीन का वह केयरटेकर था। युवक जमीन को बेचना चाहता था जिसका आरोपी विरोध कर रहे थे। संपत्ति की बिक्री रोकने के लिए आरोपियों ने हत्या की साजिश रच डाली।
Updated on:
02 Jul 2018 05:38 pm
Published on:
02 Jul 2018 05:34 pm
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
