
सागर. बड़ा बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के साथ चार व तीन पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाए जाने के बाद से ऑटो रिक्शा चालक यूनियन आक्रोशित है। बीते दिन कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद शनिवार को यूनियन के सदस्यों ने विधायक शैलेंद्र जैन को ज्ञापन सौंपा और अपनी समस्या बताई। यूनियन अध्यक्ष पप्पू तिवारी ने कहा कि प्रदेश में जहां पर भी वनवे लागू है, वहां ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा को मुक्त रखा गया है, लेकिन सागर के बड़ा बाजार मार्ग पर हाल ही में किए गए वनवे पर ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है, जो कि गलत है।
यहां करीब 6-7 वार्डों के हजारों लोग, जिनके पास वाहन नहीं है, वे ऑटो रिक्शा का उपयोग करते हैं। वृद्ध, दिव्यांग, मरीजों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही ऑटो रिक्शा चालकों के सामने भी रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा। इसलिए इस मार्ग पर ऑटो रिक्शा के प्रवेश की अनुमति दी जाए। विधायक जैन ने उच्च अधिकारियों से चर्चा के बाद समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौंपने वालों में राजेश शुक्ला, इकबाल खान, सुंदर यादव, पवन खटीक, बलराम पटेल, योगेश प्रजापति, राजकुमार प्रजापति आदि शामिल रहे।
Updated on:
25 May 2025, 5:24 PM IST
Published on:
25 May 2025, 5:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.