दरअसल 2 अप्रैल कि भारत बंद के दौरान हुई हिंसा के संबंध में भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से सोशल मीडिया वाट्सएप और फेसबुक आदि के माध्यम से बंद की कॉल की जा रही है। लोगों को एकत्र करने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। इसके अलावा मंगलवार यानी 10 अप्रैल को लेकर कुछ लोगों द्वारा भारत बंद की चर्चाएं भी सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही हैं, जो भ्रामक हैं। इन सूचनाओं से आम आदमी को परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए यह निर्देश जारी किए गए हैं। सहारनपुर डीएम पीके पांडे ने अपने आदेशों में कहा है कि टेलीकॉम कंपनियां सहारनपुर में सोमवार शाम से इंटरनेट एवं मैसेजिंग सेवाएं जिनमें 2जी, 3जी, 4जी, ऐज, जीपीआरएस और एसएमएस भी शामिल है वे बंद रहेंगी। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया है कि वर्तमान हालातों में जिस तरह से सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। कम्युनिकेशन किए जा रहे हैं और लोगों को गलत तरीके से एकजुट किया जा रहा है। उससे सहारनपुर में शांति भंग होने की प्रबल आशंका उत्पन्न हो गई है। ऐसे में इंटरनेट सेवाओं को बंद किया जाना आवश्यक है और इसी के चलते यह आदेश जारी किए गए हैं।