सहारनपुर। कैराना लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव शुरू हो चुका है। सोमवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लाइन लगनी शुरू हो गई। यहां के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों चौसाना, कांधला, मदरसा इंदौरिया, शामली, सोंटा रसूलपुर, प्राथमिक विद्यालय बनती खेड़ा और बनत में सुबह से ही मतदाता उमड़ पड़े। वहीं, कई जगह ईवीएम खराब होने की भी सूचना मिली है। इसके बाद कई जगह लोगों ने हंगामा भी किया। वहीं, कैराना लोकसभा सीट से रालोद व सपा गठबंधन की उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने दलित व मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में जान बूझकर मशीन खराब कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे भाजपा की चाल बताया है। वोट डालने आईं तबस्सुम हसन ने कहा कि हर जगह मशीनों से छेड़छाड़ की जा रही है। मुस्लिम और दलित बाहुल्य इलाकों में खराब ईवीएम नहीं बदली गई हैं। भाजपा सोचती है कि इस तरह से वह चुनाव जीत जाएंगे, लेकिन यहां ऐसा नहीं होगा।