देवबंद. लोकसभा चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। इस दौरान सभी पार्टियों के दिग्गज जनता को लुभाने और उनका वोट पाने के लिए अपने-अपने तौर पर वादे कर रहे हैं। जहां पिछले चुनाव में विदेशों में जमा कालाधन लाने और हर नागरिक को 15-15 लाख बांटने में विफल रहने पर पीएम मोदी के किलाफ हमले तेज हो रहे हैं। वहीं, देश से गरीबी हटाने के लिए नए-नए फॉर्मूले पेश हो रहे हैं। राहुल गांधी के लोगों की न्यूनतम आय 72 हजार करने के वादे के बाद अब बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी देश से गरीबी हटाने के लिए अपना नया फॉर्मूला पेश किया है। पश्चिम उत्तर प्रदेश के देवबंद में सपा-बसपा और रालोद गठबंधन की पहली संयुक्त रैली में बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस के न्यूनतम आय योजना (न्याय) पर करारा हमला किया। मायावती ने कहा कि देशवासियों को नरेंद्र मोदी की ओर से 15-20 लाख देने वाले वादे की तरह ही अतिगरीबों को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का 72 हजार देने का जो वादा किया है वह भी एक जुमला है।