
UP Police Constable Recruitment 2018: प्रश्नपत्र में पूछे गए इन सवालों को जानकर आप भी हंसेंगे
सहारनपुर। यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। पहली पाली में परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों को यह पेपर काफी आयान लगा। उनके चेहरे खिले हुए थे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र बेहद आसान था। अधिकांश अभ्यर्थियों ने 70 फीसदी से अधिक सवाल सही हल करने का दावा किया है।
आसान लगा प्रश्नपत्र
जब पत्रिका टीम ने परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों से बात की तो उन्होंने कहा कि हिंदी में थोड़ी दिक्कत आई। हालांकि, गणित और रिजनिंग बेहद आसान थे। यहां अलग-अलग तर्क देखने को मिले। जहां महिला अभ्यर्थियों ने मैथ्य और रीजनिंग को आसान बताया, वहीं पुरुष अभ्यर्थियों ने गणित को मुश्किल बताते हुए कहा कि इसके सवाल थोड़े कठिन थे। उन्होंने हिंदी को आसान बताया जबकि लड़कियों ने इसको थोड़ा मुश्किल बताया है।
प्रश्नपत्र में था यह सवाल
सहारनपुर के जेवी जैन डिग्री कॉलेज पर बने परीक्षा केंद्र से बाहर निकल रहे बुलंदशहर के अभ्यर्थी नीटू यादव ने बेहद मजाकिया अंदाज में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र बेहद आसान था। जब उनसे यह पूछा गया कि एक कोई ऐसा सवाल बताइए जो आपको इस प्रश्नपत्र में सबसे आसान लगा हो तो वह कहने लगे कि ऐसे उन्हें अब याद नहीं है। इसके बाद नीटू ने प्रश्नपत्र निकाला और बताया कि यह देखिए कितना आसान सा सवाल है। इसमें पूछा गया है कि अगर रोगी डॉक्टर के पास जाता है तो शिक्षक के पास कौन जाएगा?
सबसे आसान सवाल
इसके अलावा और भी कई आसान सवाल सिपाही भर्ती परीक्षा में पूछे गए हैं। एक महिला अभ्यर्थी ने बताया कि उन्हें सबसे आसान सवाल वह लगा, जिसमें लकड़हारे और दर्जी के बारे में प्रश्न किया गया है। इसमें पूछा गया है कि अगर कुल्हाड़ी का रिश्ता लकड़हारे से है तो सुई का रिश्ता किससे है। इस प्रश्न का सीधा जवाब यही है कि सुई का रिश्ता दर्जी से है। हालांकि, हिंदी में व्याकरण और गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाए रखा। रीजनिंग के कारण अभ्यर्थियों को दो घंटे भी कम समय दिखाई दिया। बहरहाल परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने इस रेटिंग परीक्षा को बेहद आसान बताया।
प्रश्नपत्र का आसान होना भी बढ़ा सकता है मुश्किल
परीक्षा केंद्र से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने फिलहाल यहीं बताया है कि अधिकांश प्रश्न बेहद आसान थे। उन्होंने अधिक से अधिक प्रश्न को हल किया है लेकिन यहां माइनस मार्किंग नुकसान कर सकती है। हम आपको बता दें कि जब प्रश्नपत्र आसान हो तो अभ्यर्थी अधिक से अधिक सवालों को हल करने की कोशिश करते हैं और ऐसे में वह जो गलती कर बैठते हैं। इस कारण उन्हें माइनस मार्किंग भी झेलनी पड़ती है।
कई लोगों ने छोड़ दी परीक्षा
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए सहारनपुर में कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन सभी 35 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में 18000 से अधिक अभ्यर्थी बुलाए गए थे। सभी केंद्रों से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा छोड़ दी है। दो दिन तक चलने वाली यह परीक्षा चार पालियों में संपन्न होगी।
Published on:
18 Jun 2018, 3:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.