
कल एक दिवसीय दौरे पर संभल आएंगे CM Yogi | Image Source - Social Media
CM Yogi Sambhal Visit News in Hindi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर संभल पहुंचेंगे और 546.25 करोड़ रुपये की लागत वाली 221 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे जिले को सड़क, शिक्षा, खेल और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई नई सुविधाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री योगी 108 कार्यों का शिलान्यास और 113 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, साइबर क्राइम थाना, संभल-गवां मार्ग का चौड़ीकरण, महत्वपूर्ण सड़कों का नवीनीकरण, कई आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, 144 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी, आनंदपुर में ग्रामीण स्टेडियम और चंदौसी में ओवरब्रिज शामिल हैं।
लोकार्पण में देवापुर स्थित राजकीय महाविद्यालय, गांव आटा में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), गांव लहरावन और हरथला में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, 16 पीएम श्री विद्यालय, बबराला और रायसत्ती थानों का उद्घाटन शामिल है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 10 बजे मुरादाबाद हवाई पट्टी पहुंचेंगे। वहां से सर्किट हाउस हेलीपैड होते हुए नवीन पुलिस लाइन बहजोई जाएंगे। इसके बाद गांव आनंदपुर में आयोजित जनसभा में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री "संभल कल्कि तीर्थ विजन डॉक्यूमेंट" का प्रेजेंटेशन भी देखेंगे। सभी कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे वे रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। संभल तहसील के थाना रायसत्ती में बोबिंद्र कुमार और तहसील गुन्नौर क्षेत्र के थाना बबराला में रोशन सिंह को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण विश्नोई ने कार्यक्रम स्थल और सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इसके अलावा मुरादाबाद कमिश्नर आंजनेय कुमार और डीआईजी मुनिराज-जी ने भी मंगलवार को स्थल निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी।
Updated on:
6 Aug 2025, 9:39 PM IST
Published on:
6 Aug 2025, 9:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.