
Gangrape
यूपी में अपराध कम होने के नाम ही नहीं ले रहा है। पुलिस आए दिन बदमाशों को सलाखों के पीछे भेज रही लेकिन अपराध या अपराधी दोनों में कोई कमी नहीं आती दिख रही है। सबसे दुःखद यह कि प्रदेश में एंटी रोमियो दल सक्रिय होने के बाद भी महिला अपराधों में कोई कमी नहीं दिख रही। मुख्यमंत्री के जिले में सरेराह मनबढ़ युवती को उठा ले गए, उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया और फिर जान से मारने की धमकी देकर उसे छोड़ दिया। हालांकि, गैंगरेप के बाद किसी तरह घर पहंची युवती ने परिजन की सहायता से पुलिस में तहरीर देकर अपनी आपबीती बतायी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
तहरीर देकर पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार हरपुर बुदहट क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला परिवार व्यवसाय कर अपनी आजीविका चलाता है। गांव के पास ही इस परिवार की दुकान है। दुकान संभालने वाले घर के मालिक को खाना पहुंचाने कोई न कोई घर का सदस्य रोज जाता था। आए दिन घर की युवती दुकान तक अपने पिता के लिए खाना लेकर जाती थी। खाना लेकर आतेे-जाते कुछ युवक उस पर गलत निगाह रखे हुए थे।
सोमवार को दुकान संभालने वाले अपने पिता के लिए खाना लेकर युवती घर से दुकान जा रही थी। रास्ते में ही दो युवकों ने उसे घेर लिया। जबरिया उसे अपनी बाइक पर बिठाकर अपने साथ लेते गए। युवती के अनुसार वे लोग उसे एक घर में लेकर गए। कमरे में ले जाकर दोनों युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। युवती चिल्ला न सके इसलिए उसका हाथ-मुंह बांध रखा था। गैंगरेप के बाद युवकों ने युवती को छोड़ दिया। जान से मारने की धमकी देकर उसे यह बात किसी अन्य से बताने की मनाही कर दी।
युवती किसी तरह अपने घर पहुंची। परिजन की सहायता से वह थाने पहुंच अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने तहरीर लेकर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। युवती का मेडिकल कराया गया। आरोपी युवक सूरज संतकबीरनगर के महुली टूनापार का रहने वाला बताया जा रहा है। जबकि दूसरे का नाम पता पीड़िता नहीं बता सकी है।
Published on:
25 Jul 2018 08:45 am
