
Auto color coding latest news in satna
सतना। लगभग साढे़ तीन वर्ष के लम्बे अंतराल के बाद ऑटो कलर कोडिंग, रूट निर्धारण को अमलीजामा पहनाने की पहली कवायद पूरी हो चुकी है। परिवहन विभाग द्वारा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। अब तय फैसले पर जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन अपनी मुहर लगाएगा। उसके बाद इसे प्रभावशील किया जाएगा। मसौदे पर गौर करें तो आरटीओ संजय श्रीवास्तव ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र मिलाकर दो जोन तैयार किए हैं। इन्हीं दो जोन में जिलेभर के पांच हजार ऑटो अब रूटों पर दौडेंग़े।
बता दें कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तमाम निर्णय कागजों पर तो विगत वर्षों से लिए जा रहे थे पर अब तक परवान नहीं चढ़ सके। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि तय प्लान को मूर्त रूप दे दिया जाएगा।
बनेंगे ऑटो स्टैंड
चारों तरफ हर रूट पर शहरी सीमा के अंतिम छोर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थान चिह्नित किए गए हैं। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि अब की आरटीओ द्वारा बनाए गए प्लान के अनुसार तय स्थल पर स्टैंड बनाए, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को वर्षों बाद पटरी पर लाया जा सके। ताकि स्मार्ट सिटी सतना की एक कवायद पूरी हो सके।
अलग-अलग होंगे कलर
शहर में संचालित होने वाले ऑटो का कलर पीला रखा जाएगा। इसके अलावा नागौद की ओर का लाल, महदेवा का हरा, मैहर अमरपाटन का नीला, बाबूपुर का सफेद, रामपुर का काला, भरजुना का केसरिया रंग होगा। ऐसे में किसी दूसरे रूट पर घुसने के दौरान ऑटो पकड़ में आ सकेंगे। साथ ही आगे कांच पर पेंट से लिखवाया जाएगा कि कौन सा ऑटो किस रूट के लिए निर्धारित है।
सुगम यातायात की राह होगी आसान
परिवहन विभाग द्वारा तैयार रूट निर्धारण और कलर कोडिंग की फाइल कलेक्टर, निगमायुक्त व यातायात विभाग को भेजी जाएगी। यदि आपसी तालमेल बैठा तो फरवरी के पहले सप्ताह तक ऑटो तय रूट व कलर कोडिंग के तहत संचालित होते दिखाई पडेंग़े। इससे सुगम यातायात की राह आसान होगी।
कौन ऑटो कहां चलेगा
ग्रामीण ऑटो यान
- पेप्टेक सिटी से नागौद की ओर।
- नजीराबाद मुक्तिधाम से मैहर और अमरपाटन की ओर।
- संतोषी माता तालाब से बाबूपुर की ओर।
- धवारी सांई मंदिर से महादेवा की ओर।
- बाइपास तिराहा कारगिल ढाबे से रामपुर की ओर।
- डावयवर्सन रोड पुरानी झंकार टॉकीज से भरजुना की ओर।
शहरी ऑटो यान
- ग्रामीणयान के निर्धारित स्थल से शहर के अंदर कहीं भी संचालित कर सकेंगे।
- बस स्टैंड, स्टेशन, अस्पताल, सहित समूचे बाजार में शहरी क्षेत्र का ऑटो कहीं भी जा सकेगा।
प्रस्ताव बनकर तैयार
हमने कलर कोडिंग और ऑटो रूट का निर्धारण तय कर लिया है। प्रस्ताव बनकर तैयार है। अंतिम निर्णय जिला व निगम प्रशासन लेगा।
संजय श्रीवास्तव, आरटीओ
Published on:
25 Jan 2018 05:37 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
