14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कांग्रेस के एक बड़े नेता से 5.30 लाख के इनामी डकैत ने मांगा 2 करोड़ की रंगदारी, MP-UP में हड़कंप

डाक से भेजा पत्र: पैसा न मिलने पर रिश्तेदारों को मार डालने की धमकी, यूपी पुलिस ने जांच में लिया मामला, डकैत बबुली ने कांग्रेस नेता से मांगी दो करोड़

2 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

May 06, 2018

babuli kol want extortion money 2 crore rupees from UP congress leader

babuli kol want extortion money 2 crore rupees from UP congress leader

सतना। सवा पांच लाख के इनामी दस्यु सरगना बबुली कोल एक बार फिर सुर्खियों में है। वह भी प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेता से दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांगकर। जिसके लिए उसने बकायदा लेटर पैड पर पत्र लिखा है और डाक विभाग के माध्यम से कांग्रेस नेता के लखनऊ निवास पर भेजा है। मामला सामने आने के बाद चित्रकूट सहित पूरे उप्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला
बताया गया है कि डकैत बबुली ने कांग्रेस नेता स्वयं प्रकाश गोस्वामी को पत्र लिखकर रंगदारी मांगी है, जो युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। वहीं वर्तमान में कांग्रेस की जनांदोलन समिति का प्रदेश संयोजक हैं। वे मूल रूप से बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र के स्योढ़ा गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे परिवार सहित लखनऊ में रहते हैं। डकैत बबुली ने उन्हे अप्रैल में पत्र लिखा था और उसे लखनऊ के पते पर पोस्ट कर दिया। ये पत्र अप्रैल के अंतिम सप्ताह में स्वयं प्रकाश गोस्वामी को मिला, जिसे पढ़ते ही उनके होश उड़ गए।

नहीं तो रिश्तेदारों का मार डालेंगे
उसमें सीधे तौर पर लिखा था कि दो करोड़ रुपए की रंगदारी पहुंचा दो, नहीं तो रिश्तेदारों का मार डालेंगे। उसके बाद उन्होंने 1 मई को लखनऊ के आशियान थाने को संपर्क किया और पत्र सहित शिकायत दी। मामला कांग्रेस के प्रदेशस्तर के नेता से जुड़ा था, लिहाजा पुलिस ने संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। शुरुआती दौर में मामले की गुपचुप जांच चलती रही लेकिन, कुछ दिन बाद ही ये जानकारी जंगल में आग की तरह फैली और पूरे चित्रकूट, बांदा सहित उप्र में हड़कंप मच गया।

कांग्रेस के महत्वपूर्ण नेता
उप्र की कांग्रेस राजनीति में स्वयं प्रसाद गोस्वामी की अच्छी पकड़ है। संगठन के अनुसार उनको महत्वपूर्ण माना जाता है। वे एनएसयूआई व युवक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं नरैनी विधानसभा से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। वर्तमान में कांग्रेस की जनांदोलन समिति का प्रदेश संयोजक बनाया गया है।

फारेंसिक जांच होगी
आशियान थाना प्रभारी बीपी सिंह की माने तो डकैत बबुली कोल के पत्र को फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि तथ्यों को जोड़ते हुए सही दिशा में बढ़ा जा सके। इसके साथ ही चित्रकूट व बांदा पुलिस से भी संपर्क किया गया है और सूचना दी गई है ताकि, डकैत बबुली के हर कदम पर नजर रख जा सके।

पहले पड़ चुकी है डकैती
कांग्रेस नेता स्वयं प्रसाद गोस्वामी डकैत बबुली के पत्र को गंभीरता से ले रहे हैं। कारण है कि वे वर्ष 2015 में डकैतों का तांडव देख चुके हैं। बताया जाता है कि उस समय उनसे 50 लाख की फिरौती मांगी गई थी, नहीं देने पर बांदा स्थित घर पर भतीजी की शादी के दौरान डकैती पड़ी थी। जिसमें करीब 30 लाख के चांदी व सोने के जेवर व नकदी डकैत ले गए थे।