
Satna double murder
सतना. जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के मढ़ी गांव में शुक्रवार को दर्दनाक वारदात हो गई। एक सनकी पति ने छह माह के मासूम बेटे के साथ अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस विभत्स घटना की जानकारी ग्रामीणों को तब लगी जब उसकी बेटी के चीखने की आवाज सुनाई दी। घर के अंदर से शोर सुनकर गांववाले मौके पर पहुंचे और मां-बेटे के शव को देखकर दंग रह गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पुलिस ने सूचना दी। खबर पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में मामला बलि देने का सामने आ रहा है। देररात करीब 10 बजे एडिशनल एसपी गौतम सोलंकी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयाना करते हुए पीडि़त परिवार से बात की। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम यूनिट को भी घटना स्थल पर आने के निर्देश दिए गए। घटना के बाद पति फरार हो गया। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
यह है पूरा मामला
पुलिस ने बताया कि मढ़ी निवासी मनोज दाहिया पुत्र विशेश्वर दाहिया ने शुक्रवार की शाम करीब ५ बजे घर के अंदर अपनी पत्नी प्रवीणा दाहिया (25) और छह माह के दुधमुंहे बेटे प्रदीप दाहिया की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी की बेटी की चीखने की आवाज सुन जब पड़ोसी ने मनोज के घर की ओर रुख किया तो नजारा देख वह दंग रह गया। आरोपी मनोज भी पड़ोसी को देख दूसरे दरवाजे से भाग निकला। आरोपी ने बेटे की हत्या के बाद कमरे में देव स्थान के पास दीवार पर बनी अलमारी में बच्चे का शव ठूस दिया था। मृतक की गर्दन अंदर की ओर थी। जबकि प्रवीणा का शव देव स्थान में लगे त्रिशूल के पास पड़ा मिला। पास में ही एक धारदार गड़ासा भी पुलिस को पड़ा मिला। उसमें खून के निशान पाए गए हैं।
बिलखती रही बेटियां
आरोपी मनोज की दो बेटियां भी हैं। मनोज के भाई प्रमोद दाहिया का कहना है कि वह नजदीकी गांव लालपुर में मजदूरी करने गया था। माता-पिता श्राद्ध में शामिल होने गांव में ही गए थे। घटना के वक्त मनोज की दोनों बेटियां घर के पास ही थीं। गनीमत रही कि आरोपी ने उन्हें कुछ नहीं किया। प्रमोद का कहना है कि उसका भाई मानसिक विक्षिप्त और सनकी स्वभाव का है।
गांव में दहशत का माहौल
मां-बेटे की हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घटनास्थल पर जांच करने के लिए पुलिस की मौजूदगी के कारण देररात तक गांव छाबनी में तब्दील रहा। उधर, ग्रामीण में घटना को लेकर चर्चा करते रहे। कुछ लोग इस हत्याकांड को बलि से भी जोड़ते रहे।
आरोपी की तलाश में दबिश
दोहरी हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल जांचने के बाद आरोपी की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। हर संभावित स्थान पर पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
06 Oct 2018 01:56 am
Published on:
06 Oct 2018 08:11 am
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
