
elderly lady caught home thief in satna
सतना। मध्यप्रदेश के सतना शहर में एक मर्दानी ने हिम्मत दिखाते हुए चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। बताया गया कि, सिटी कोतवाली इलाके के खूंथी मोहल्ले में एक घर से चोरी करने के बाद चोर भागने की फिराक में था, तभी आहट पाकर घर में मौजूद बुजुर्ग महिला जागी और चोर का पीछा कर पकड़ लिया। एक बार तो हाथ झटक कर बदमाश ने भागने की कोशिश की पर महिला ने हिम्मत नहीं हारी। उसने चिल्लाते हुए पीछा कर चोर को दबोच लिया। तब तक मोहल्ले के लोग भी घर से बाहर आ चुके थे।
आसपास के लोगों ने जब चोर को देखा तो उसकी पिटाई शुरू कर दी। फिर जूतों की माला पहना कर उसका जुलूस निकाला और पुलिस के पहुंचने पर बदमाश को सुपुर्द कर दिया गया। पकड़ में आए बदमाश के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
चारपाई से बांधा
खूंथी में रहने वाले भगवान दीन चौधरी के घर में खूंथी का ही रहने वाला शातिर बदमाश सागर वर्मा घुसा था। रात करीब दो बजे जब भगवानदीन की मां ने आहट पाकर देखा तो बदमाश चोरी कर भाग रहा था। महिला ने उसे पकड़ा और शोर मचा दिया। भीड़ जमा हुई तो चोर की बेदम पिटाई शुरू कर दी गई, फिर उसे चारपाई से बांध दिया ताकि भाग न सके।
पहनाई जूते-चप्पल की माला
गुस्साई भीड़ ने चोर की हरकत देख उसे जूते और चप्पलों की माला पहना दी। फिर खूंथी मोहल्ले की गली और मुख्य सड़क पर आरोपी का जुलूस निकाला गया। तब तक सुबह हो चली थी। डायल 100 सूचना पाकर मौके में पहुंची। वहां से आरोपी को कोतवाली लेकर आई। पुलिस का कहना है कि आरोपी सागर के खिलाफ पूर्व से कई अपराध कायम हैं। कोई शिकायत करने नहीं आया एेसे में धारा 151 के तहत कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा है।
Updated on:
22 Sept 2018 12:06 pm
Published on:
22 Sept 2018 12:06 pm
