
husband and wife Suspicious death in satna
सतना। घर से झगड़ा कर निकले पति-पत्नी का शव शनिवार को तालाब में मिला। तालाब किनारे मृतक की मोटरसाइकिल भी मिली। अमरपाटन के सेमरा गांव में शव दिखने पर ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को घटना की जानकारी दी। करीब 10 फुट गहरे तालाब के पानी में डूबने से दोनों की मौत के कारणों की पुलिस पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस व फॉरेंसिक अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने शव परीक्षण और घटना स्थल का मुआयना किया।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामला आत्महत्या, हादसा या हत्या का है, यह अभी साफ नहीं हो पाया। मृतकों की शिनाख्त उनीश कुशवाहा (22) उर्फ गुड्डू पुत्र ठाकुरदीन कुशवाहा निवासी तपा रामपुर बाघेलान और कल्पना (20) पत्नी उनीश के रूप में की गई है।
साली-साले को पैदल भेजा
पूनम ने बताया कि सेमरा गांव से लगे भौंहरा तालाब के पास गाड़ी से उतार कर उसके जीजा ने पैदल गांव जाने को कहा। जब वह नहीं गई, तो कल्पना ने डांट दिया। एेसे में पूनम अपने भाई लाला के साथ घर चली गई। इसके बाद शनिवार की सुबह 7 बजे विनोद कुशवाहा ने तालाब किनारे उनीश की मोटर साइकिल देख गांव में खबर दी। तब कल्पना की बहन खुशबू देखने गई और घर जाकर बताया कि गाड़ी उनीश की है। पास ही पर्स मिला और गाड़ी में चाबी भी लगी है।
पहले मिला पत्नी का शव
कल्पना के पिता, बहन, विनोद और गांव के कई व्यक्ति तालाब के पास सुबह 10 बजे पहुंचे तो खोजबीन करने के दौरान तालाब में डूबी कल्पना के बाल नजर आए। देखते ही डायल 100 को सूचना दी गई। टीआई अजय सिंह पंवार, एएसआई बहादुर सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल देखने के बाद पुलिस ने तैराक नंदलाल शर्मा निवासी जमताल और लल्लू यादव निवासी सेमरा की मदद से कल्पना का शव बाहर निकलवाया। कुछ देर तालाब से उनीश का शव भी बरामद कर लिया गया।
मामा के यहां रुकना चाहती थी कल्पना
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि खरमसेड़ा में कल्पना के मामा रहते हैं। जहां से उसका पति उनीश 31 अगस्त को लेकर आ रहा था। साथ में उनीश की -साली पूनम कुशवाहा (14) व -साला लाला कुशवाहा (5) थे। कल्पना को उसके मामा ने रोकना चाहा, लेकिन उनीश नहीं रुका। पूनम ने पुलिस को बताया कि कल्पना मामा के यहां से आने के बाद मायके सेमरा में एक दिन रुकना चाहती थी। इसी बात पर उनीश झगड़ा करते हुए गालियां देने लगा।
दो मोबाइल फोन मिले
कल्पना ने जेवर पहने हुए थे, जो उसकी बहन पूनम के सुपुर्द कर दिए गए। इसी तरह उनीश के पास दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामान मिला जो उसके भाई मनीष के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस इनको भी ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है।
एक कहानी ये भी
ग्रामीणों में चर्चा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी तालाब में कूद गई। उसे बचाने में पति भी तालाब में कूद गया, लेकिन तैराना नहीं जानने से दोनों डूब गए। हालांकि इसका कोई प्रत्यक्षदर्शी अभी तक सामने नहीं आया है।
Published on:
2 Sep 2018, 12:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.