26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षक का अपहरण, सेट पर मिला प्वाइंट तो दौड़ी पुलिस, आरक्षक के साथ गांव में मिला आरोपी

कोठी तिराहा में ड्यूटी कर रही थी महिला आरक्षक, थाने ले जाने के बहाने घर ले गया जीप सवार युवक, थाने लाने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाही कर रही पुलिस

3 min read
Google source verification
Kidnapping of female constable on duty

Kidnapping of female constable on duty

सतना. शहर में अपराध और अपराधियों का बोलबाला है। सरेराह गोली मारकर व्यापारियों को लूट लिया जाता है तो शहर से सटे बाहरी इलाकों में बंदूक की नोक पर लुटेरे वारदात कर रहे हैं। इतना ही नहीं बाइक हो या अहम दस्तावेज, पुलिस की सरकारी सम्पत्ति पर भी हाथ डालने से अपराधी चूकते नहीं हैं। वारदात होने के बाद भले ही पुलिस फुर्ती दिखाते हुए अपराधियों को कब्जे में ले रही है लेकिन उसी रफ्तार से अपराधी भी अपना करतब दिखा रहे हैं। लूट, चोरी और अड़ीबाजी की घटनाओं के बीच एक और बड़ी वारदत गुरुवार की दोपहर शहर में हो गई। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस आरक्षक को ही एक जीप सवार ने अगवा लिया। अब इस वारदात से बड़ी चुनौती पुलिस के लिए और क्या होगी कि सरेराह महिला पुलिस कर्मी का अपहरण कर जीप सवार शहर से बाहर भाग निकला। गनीमत रही कि महिला आरक्षक ने मेनपैक सेट और मोबाइल फोन से अपने आला अफसरों को खबर दे दी। सुनते ही सिपाही से लेकर सीएसपी तक मौके के लिए दौड़ पड़े। कुछ देर बाद सिविल लाइन इलाके के ही गांधी ग्राम में महिला आरक्षक को बरामद कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
कोठी तिराहा पर ड्यूटी
यातायात थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने बताया, महिला आरक्षक की ड्यूटी दोपहर १ से शाम ५ बजे तक कोठी तिराहा प्वाइंट पर लगाई गई थी। दोपहर में एक जीप एमपी १९ सीबी ३१७१ का चालक लहराते हुए वाहन चलाते आया तो आरक्षक ने उसे रोका। पूछताछ की तो वाहन चालक संतुष्ट जबाव नहीं दे सका। संदेह हुआ कि वह नशे में है तो उसे थाने चलने को कहा गया। महिला आरक्षक भी उसी वाहन में सवार होकर गाड़ी को थाने ले जाने लगी। लेकिन आरोपी वाहन चालक ने यातायात थाने के सामने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार बगहा की ओर भागा। आरक्षक ने विरोध किया तो आरोपी बदसलूकी करने लगा। एेसे में महिला आरक्षक ने मेनपैक सेट और मोबाइल फोन से सूचना दी।
एंट्री प्वाइंट पर नहीं रुकी जीप
गौर करने वाली बात यह भी है कि महिला आरक्षक का अपहरण कर ले जाने वाले बदमाश को बगहा एंट्री प्वाइंअ पर भी नहीं रोका जा सका। रास्ते में महिला आरक्षक ने राहगीरों को भी मदद के लिए नहीं पुकारा। जब गांधी ग्राम में आरोपी पहुंचा तो जीप खड़ी कर महिला आरक्षक को उतार दिया। तब तक सीएसपी विजय प्रताप सिंह, टीआइ थाना सिविल लाइन अर्चना द्विवेदी, यातायात थाना प्रभारी वर्षा सोनकर समेत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था।
अपहरण के साथ छेड़छाड़
आरोपी को गिरफ्त में लेते हुए पुलिस ने उसका वाहन भी जब्त किया है। थाना सिविल लाइन आने पर महिला आरक्षक की रिपोर्ट पर कायमी की गई। आरोपी शैलेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र श्याम लाल सिंह निवासी अहमद नगर रामपुर चौरासी के खिलाफ आइपीसी की धारा ३५३, ३५४, ३६६, १८६ के तहत अपराध कायम किया गया है। देर रात पुलिस ने आरोपी का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराते हुए उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस भी सुरक्षित नहीं
चोर, लुटेरों ने अब तक पुलिस की नाक में दम कर रखा है। लेकिन अब तो पुलिस खुद सुरक्षित नहीं रही। दिनदहाड़े महिला पुलिस आरक्षक का अपहरण कर लिया जाता है। आरोपी उसे लेकर शहर की सीमा से दूर देहात इलाके में लेकर चला गया और इस बीच महिला आरक्षक को कोई मदद नहीं मिली। गौर करने वाली बात तो यह है कि अगर आरोपी नजदीकी गांव में नहीं ठहरता तो पुलिस असानी से उसे पकड़ भी नहीं पाती। सवाल यह है कि अगर अपराधी बाहरी होता तो वह महिला आरक्षक को कहीं और भी ले जा सकता था। गनीमत रही कि महिला आरक्षक सुरक्षित है। उसके साथ कोई एेसा कृत्य नहीं हुआ जिससे उसे भविष्य में परेशानी होती। इतना सब हाने के बाद भी पुलिस अपराधियों में खौफ पैदा नहीं कर पा रही।
वर्जन...
"लापरवाही से वाहन चला रहे बोलेरो चालक को महिला आरक्षक ने समझाइश देने राका था। जांच कार्रवाही के लिए वाहन चालक को थाने लेकर जा रही थी, लेकिन वाहन चालक ने थाने में गाड़ी नहीं रोकी और वह महिला आरक्षक को लेकर तेज रफ्तार भाग निकला। सूचना मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसका वाहन जब्त कर लिया गया है।"
- विजय प्रताप सिंह परिहार, सीएसपी