
Murder on the dispute of way clearance
सतना। कोटर कस्बे में सोमवार को मामूली विवाद में चार भाइयों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। पिता को थप्पड़ मारने पर उन्होंने आरोपी को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। इसके लिए पूरी रात घात लगाकर बैठे रहे और अल सुबह वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनाका खिंंच गया।
वहीं रहवासी भड़क गए और शव उठाने व पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठने देंगे। दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने गिरफ्तारी का भरोसा दिया, तो रहवासी माने और शव का पोस्टमार्टम हो सका।
रास्ता निकासी को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार, नत्थू कोल (५०) व चंदा कोल (७०) का रास्ता निकासी को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को विवाद के दौरान नत्थू ने चंदा कोल को थप्पड़ मार दिया। जब इसकी जानकारी उसके चारों बेटे तोषण कोल, महेंद्र कोल, राजा कोल व हंसराज कोल मिली तो वे गुस्से से भर गए। सोमवार सुबह उन्होंने घात लगाकर नत्थू कोल पर हमला बोल दिया और लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसके बाद मौके से चारों भाई फरार हो गए।
पुलिस ने दबोचे आरोपी!
अधेड़ की हत्या के बाद चारों आरोपी फरार हो गए थे। भीड़ के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए जगह-जगह दबिश दी। सूत्रों के अनुसार देर शाम तक चारों आरोपियों को अलग-अलग जगह से पकड़ लिया गया है। हालांकि कोटर पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
रातभर घात लगाकर बैठे रहे
पुलिस के अनुसार, चंदा कोल को पीटने के बाद नत्थू कोल घर नहीं लौटा। चंदा के बेटों के खौफ से वह यहां-वहां छिपता रहा। उधर चारों भाई नत्थू को मारने के लिए बस्ती के बाहर पूरी रात घात लगाकर बैठे रहे। टीआई एमएल वर्मा ने बताया कि सुबह करीब ६ बजे कोलान बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में एक आरोपी तोषण सिंह ने नत्थू को देख लिया। आरोपियों को देखते ही नत्थू जान बचाने के लिए बस्ती की ओर भागा, लेकिन घर के पीछे लाठियों से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।
विवाद में अधेड़ की हत्या चार आरोपियों ने की है। घटना के बाद कोई हंगामा नहीं हुआ। शव का पीएम कराकर परिजन के सुपुर्द किया व मृतक का दाह संस्कार भी हो गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
एमएल वर्मा, थाना प्रभारी कोटर
Published on:
3 Oct 2017, 11:22 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.