
Panna cold wave in mp many districts in the grip of cold wave
सतना। विंध्य सहित पूरा प्रदेश जानलेवा ठंड की चपेट में है। शीतलहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे ठंडा विंध्य रहा। सबसे कम 2.1 डिग्री सेल्सियस तापमान पन्ना में दर्ज किया गया। जबकि उमरिया में न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री रिकार्ड हुआ।
दिन और रात के तापमान में रिकार्ड गिरावट से पूरा विंध्य प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। उत्तर से चल रही बर्फीली हवाएं लोगों पर कहर बन कर टूट रही हैं। हाड़कंपा देेने वाली ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। ठंड से बचने के लिए लोग दिन में भी अलाव का सहारा ले रहे हैं।
अभी तक अवकाश घोषित नहीं
जानलेवा ठंड की सबसे अधिक मार स्कूली बच्चों पर पड़ी है। प्रशासन द्वारा स्कूलों में अभी तक अवकाश घोषित नहीं किया गया। इस अनदेखी का खामियाजा सुबह प्रथम पाली में स्कूल जाने वाले बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। मासूम बच्चे सुबह खून जमा देने वाली ठंड के बीच कंपकंपाते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं।
हाड़ कंपा रही माघ की ठंड
जनवरी में सर्दी शबाब पर है। लोगों को दिन में भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। पिछले चार दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड गुरुवार को और भी भयानक हो गई। न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह ठंड के बीच कोहरे की चादर छटी, तो चार दिन बाद चटक धूप निकली।
कश्मीर सी ठंड का अहसास
सूरज की तपन से दिन में लोगों को ठंड से कुछ समय के लिए राहत तो मिली। लेकिन शाम होते ही पारा तेजी से लुढ़का और मौसम कश्मीर सी ठंड का अहसास कराने लगा। शाम को चली शीतलहर के कारण गलन और बढ़ गई। इससे रात में लोगों को हाड़कंपा देने वाली सर्दी का सामना करना पड़ा।
पांच दिन तक रात में सर्दी का सितम जारी
मौसम विभाग का कहना है, आसमान से कोहरा छंटने के कारण शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे अगले पांच दिन तक रात में सर्दी का सितम जारी रहेगा। हालांकि कोहरा छंटने के कारण चटक धूप निकलेगी और दिन में लोगों को हाड़ कंपकंपा रही ठंड से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
सूखी सर्दी ने किया बेहाल
मावठे की बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को नए साल में भी निराश होना पड़ रहा है। नए साल में विंध्य में मावठे की बारिश की उम्मीद लगाई जा रही थी, लेकिन मौसम मेहरबान नहीं हुआ। इधर, बारिश न होने के कारण पूरा जिल शुष्क ठंड की चपेट में है। रात में चल रही शीत लहर लोगों पर कहर बन कर टूट रही है। सूखी सर्दी से मानव, पशु-पक्षी एवं वनस्पति सभी बेहाल हैं। गुरुवार को दोपहर में मौसम खुलने से तेज धूप खिली, लेकिन शीतलहर के कारण वह भी अधिक समय तक सर्दी से राहत नहीं दिला सकी।
ठंड के चलते बंद हुए पांच तक के स्कूल
कड़ाके की ठंड को देखते हुए शासकीय व निजी सभी स्कूलों के कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को राहत देने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ने कक्षा पांचवीं तक के बच्चों की छुट्टी करने का निर्णय लेते हुए शासन को सूचित किया है। निर्णय के मुताबिक पांचवीं तक के स्कूल ५ से लेकर 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।
स्कूलों की स्थिति
- पन्ना: स्कूल समय में कोई परिवर्तन नहीं
- सतना: दो घंटे बढ़ा समय, अब 9.30 बजे खुलेंगे स्कूल
- रीवा: कलेक्टर ने शासन से मांगी छुट्टी की अनुमति
- सीधी- सिंगरौली: समय बढ़ा, अब 9.00 बजे खुलेंगे स्कूल
कहां कितना तापमान
- पन्ना 2.1
- उमरिया 2.4
- रीवा 3.6
- सतना 4.0
- सीधी 4.6
Published on:
05 Jan 2018 01:20 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
