
poisonous insect in hostel food, 12 nursing girls serious in Sidhi
सीधी। जिला अस्पताल परिसर में संचालित नर्सिंग कॉलेज में अध्ययनरत दो दर्जन छात्राएं छात्रावास में दिए गए दूषित खाना खाने से बीमार पड़ गई। बताया गया कि उनके खाने में जहरीला कीड़ा (कनखजूरा) गिर गया था, और यही खाना छात्राओं को परोस दिया गया, जिससे पूरा खाना जहरीला हो गया। करीब 22 छात्राओं ने यह भोजन किया और भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर छात्राओं को चक्कर आने लगे, साथ ही उल्टियां शुरू हो गईं।
तबियत बिगडऩे पर छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद करीब 10 छात्राओं के तबियत में सुधार आने पर उन्हे छुट्टी दे दी गई, जबकि 12 की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ये है मामला
नर्सिंग कॉलेज का छात्रावास भवन न बनने के कारण यहां अध्ययनरत करीब दो सैकड़ा छात्राएं विभाग द्वारा शहर के उत्तरी करौंदिया कॉलेज स्टेडियम मार्ग में लिए गए एक निजी भवन में रहती हैं। यहां छात्राओं को भोजन की जिम्मेदारी विभाग द्वारा टेंडर पर सर्वोदय कल्याण समिति भोपाल को सौंपी गई है, जो पिछले करीब एक वर्ष से छात्राओं के लिए भोजन व नास्ते की जिम्मेदारी उठा रहा है। इसके एवज में प्रति छात्रा विभाग द्वारा पचास रुपए लिए जाते हैं।
सुबह 8 बजे भोजन करते ही बिगड़ी तबियत
बताया गया कि छात्राओं की कॉलेज सुबह 8.30 बजे से संचालित होती है, समिति द्वारा छात्राओं को सुबह 7 बजे नास्ता व 8 बजे भोजन पकाकर दे दिया जाता है, कुछ छात्राएं भोजन खाकर कॉलेज जाती हैं, जबकि ज्यादातर छात्राएं टिफिन में भोजन लेकर कॉलेज जाती हैं, जो दोपहर में लंच टाइम में भोजन करती है। रोजाना की तरह शुक्रवार की सुबह भी नास्ते के बाद करीब दो दर्जन छात्राएं भोजन करने के बाद कॉलेज के लिए तैयार होने लगी तो उनकी एक-एक करके तबियत बिगडऩे लगी। जिससे छात्रावास में हड़कंप मच गया, और छात्राओं द्वारा ही उन्हे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसी दौरान खाने की पड़ताल की गई तो दाल में जहरीला कीड़ा कनखजूरा पाया गया।
ये छात्राएं पड़ी बीमार
बीमार पडऩे वाली छात्राओं में राधा पिता अर्जुन सेन 22 वर्ष, आरती पिता काशीराम साहू 19 वर्ष, सोनम पिता रावेंद्र गौतम 20, आकृति पिता रमेश पांडेय 20, सुमन पिता सुरेंद्रमणि पांडेय 20, सुषमा पिता सरताज सिंह 20, शालिनी पिता अनिल रहनडारे 22, पूर्णिमा पिता प्रेमकुमार डहेरिया 20, शबनम बानो पिता अब्दुल रहीम 19, ज्योति पिता कृष्ण कुमार मिश्रा 19, अंजली पिता अशोक गुप्ता, अनुजा पिता संतोष पटेल, सांभवी पिता रिजवान 19, स्वाती पिता उमेश सोनी 20, स्वेता पिता मुनेंद्र शुक्ला 21, स्मिता पिता योगेंद्र सिंह 20, वैशाली पिता नागेंद्र विश्वकर्मा 20, आकृति पिता राकेश पांडेय 19, सकुन पिता पीडी साहू 19, प्रिया पिता उमेश चतुर्वेदी 19 तथा प्रिया पिता काशीराम साहू 19 वर्ष शामिल हैं।
हाल ही में आमंत्रित की गई थी निविदा
बताया गया कि छात्राओं को भोजन परोसने वाली सर्वोदय कल्याण समिति भोपाल की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, जिसके चलते पिछले सप्ताह ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा निविदा आमंत्रित की गई थी, लेकिन किसी भी समिति के द्वारा निविदा नहीं डाली गई, जिसके चलते विभाग द्वारा द्वितीय निविदा जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल पहुंचा प्रशासनिक अमला
विषाक्त भोजन खाने से छात्राओं के बीमार पडऩे की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ ही एसडीएम गोपद बनास शैलेंद्र सिंह, तहसीलदार दिलीप द्विवेदी भी जिला अस्पताल पहुंचे जहां छात्राओं की स्थिति का जायजा लिया गया। समाचार लिखे जाने तक सभी अधिकारी अस्पताल मे ही मौजूद थे।
Published on:
22 Jun 2018 02:10 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
