9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सड़क के लिए सड़क पर उतरे रहवासी, हाइवे में लगाया जाम, नगर निगम में की तालाबंदी

मारुति नगर: दो साल से मूलभूत सुविधाआें को तरस रही मारुति नगर की जनता गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरी।

2 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Aug 24, 2018

satna maruti nagar: Demand for Road construction

satna maruti nagar: Demand for Road construction

सतना। दो साल से मूलभूत सुविधाआें को तरस रही मारुति नगर की जनता गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरी। इससे कुछ समय के लिए हाइवे जाम हो गया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर दोपहर 12 बजे लोगों ने सर्किट हाउस चौराहे पर धरना प्रदर्शन करते हुए निगमायुक्त को मौके पर बुलाया। जब निगम से कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो गुस्साई भीड़ ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इससे लगभग 20 मिनट के लिए हाइवे का यातायात थम गया।

जानकारी लगते ही कोतवाली थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर चर्चा के लिए नगर निगम कार्यालय भेज दिया। सड़क से उठकर निगम पहुंचे लोगों ने कार्यालय का घेराव करते हुए प्रवेश गेट पर तालाबंदी कर दी। एक घंटे बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंचे उपायुक्त ने उनकी समस्या का निराकरण तीन दिन में करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर लोगों ने गेट का ताला खोला।

50 फीसदी राशि जनता देगी, तब बनेगी सड़क
कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश देने उनके बीच पहुंचे उपायुक्त महेश कोरी व कार्यपालन यंत्री एसके सिंह ने अनशनकारियों को बताया कि वार्ड नंबर 10 की सभी कॉलोनी वैध कर दी गई हैं। जल्द ही इसका प्रकाशन अखबारों में कराया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्यों का प्रपोजल तैयार होगा। जितनी राशि का बजट बनेगा, उसकी 50 फीसदी राशि जनता देती तो वार्ड में सड़क एवं नाली का निर्माण करा दिया जाएगा।

तीन दिन में मरम्मत का आश्वासन
लोगों ने कॉलोनी की समस्या बताते हुए कहा, साहब आप मौके पर चलकर मुख्य मार्ग की स्थिति देख लीजिए। बारिश में लोगों का पैदल चलना मुश्किल है। इसलिए मुख्यमार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उपायुक्त ने कहा कि जहां पर सड़क पर गड्ढे हो गए हैं। वहां मुरुम और गिट्टी डालकर तीन दिन में सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी। उपायुक्त के इस आश्वासन के बाद लोग घर लौट गए।

एक मांग यह भी
सड़क निर्माण के लिए नगर निगम में तालाबंदी कर रहे लोगों में से एक युवक अधिकारियों के सामने आया और कहा कि साहब एक समस्या मेरी भी है। उसका भी तुरंत समाधान किया जाए। युवक ने बताया कि मारूति नगर में कोई शराब दुकान नहीं है फिर भी हर घर के बाहर टेबल पर शराब रखकर बेची जा रही है। इस पर तुरंत रोक लगाई जाए। एसके सिंह ने कहा कि यह मामला निगम का नहीं है। आप लोग थाने जाकर पुलिस से शिकायत करें। इसका समाधान पुलिस ही कर सकती है।