क्या है पूरा मामला
बताया गया, एक निजी स्कूल की शिक्षिका गुरुवार शाम 5 बजे पैदल अपने घर जा रही थी। रास्ते में घात लगाकर बैठे चार आरोपियों ने उसको अगवा कर अरहर के खेत में ले गए। वहां चारों ने बलात्कार किया। एक घंटे बाद आरोपी पीडि़ता को बाइक से बघवार तिराहे के समीप छोड़कर भाग गए। पीडि़ता ने घटना की जानकारी अपनी बड़ी बहन को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। गैंगरेप की वारदात सुनकर पिपरांव चौकी पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी और पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण कराने जिला अस्पताल लेकर आए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। एएसपी अंजुलता पटले, एसडीओपी चुरहट लक्ष्मण अनुरागी, रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अशोक पांडेय रात में ही मौके पर पहुंच गए। रीवा रेंज के आईजी चंचल शेखर, डीआईजी अविनाश शर्मा भी शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंचे। शाम को एसपी आरएस बेलवंशी ने मीडिया के सामने पीडि़ता का नाम सार्वजनिक कर पुलिस की किरकिरी करा दी।