
सवाईमाधोपुर कृषि उपज मण्डी में सूना पड़ा कांटा।
सवाईमाधोपुर. राजस्थान खाद्य व्यापार संघ के आह्वान पर शनिवार से पांच सितम्बर तक प्रदेश की सभी मण्डियों में तुलाई व खरीद कार्य बंद रहेगा। इससे मण्डी में दूरदराज से जिंसों को बेचने आने वाले किसानों को परेशानी हुई। खाद्य व्यापार संघ के अधिकारियों ने बताया कि सालों से आढ़त में वृद्धि करने, सरकारी खरीद व्यापारियों के माध्यम से कराने, मूंगफली को तिलहन की श्रेणी में शामिल करने, मण्डी शुल्क को खत्म करने सहित कई मांगे शामिल हैं। इस संबंध में राज्य सरकार को जयपुर मेंं ज्ञापन सौंपा गया है।
ये है मूंगफली का पेंच
मूंगफली से खाद्य तेल प्राप्त होता है, लेकिन सरकार ने इसे अब तक तिलहन की श्रेणी में शामिल नहीं किया है । मूंगफली को अभी अन्य जिसों की श्रेणी में ही रखा हुआ है। ऐसे में वर्तमान में मूंगफली पर 1.60 प्रतिशत कर वसूला जाता है। जबकि तिलहनों पर महज एक प्रतिशत टैक्स ही है।
भावान्तर योजना लागू करें
व्यापारियों की मांग मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रदेश में भी भावान्तर योजना को लागू करने की है। इस योजना के तहत समर्थन मूल्य व बाजार भाव के बीच के अंतर की राशि का भुगतान किसान को सरकार की ओर से किया जाता है।
दो करोड़ का नुकसान
व्यापारियों से मिली जानकारी के अनुसार जिले भर में मण्डी बंद होने के कारण शनिवार को करीब 2 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं आने वाले दिनों में और इजाफा होगा।
लम्बे समय से व्यापारियों की मांगे लंबित है। ऐसे में व्यापारियों द्वारा हड़ताल की जा रही है। इस संबंध में सोमवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विजय सिंघानिया, महामंत्री, जिला खाद्य व्यापार संघ, सवाईमाधेापुर
सड़कों पर उतरे व्यापारी, काम बंद
गंगापुरसिटी. केन्द्र सरकार की समर्थन मूल्य पर कृषि जिंसों की खरीद आढ़तियों के माध्यम से नहीं कराने की घोषणा पर मंडी व्यापारी शुक्रवार से सड़कों पर उतर आए। व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के इस फैसले का विरोध किया। राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के आह्वान पर व्यापारियों ने 5 सितम्बर तक कारोबार बंद कर दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष कमलेश गोयल ने बताया कि केन्द्र सरकार ने समर्थन मूल्य पर कृषि जिंसों की खरीद आढ़तियों के माध्यम से नहीं करने की घोषणा की है। इससे आढ़तियों को आढ़त नहीं मिलेगी।
गायेल ने बताया कि इस निर्णय से 25 हजार व्यापारी ही नहीं बल्कि व्यापारियों पर निर्भर साढ़े सात लाख लोग बेरोजगार हो जाएंगे। इस निर्णय से मंडी के व्यापार सहित मजदूर वर्ग पर भी खासा असर होगा। शनिवार को मंडी बंद रहने से लाखों रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ। मंडी में जिंस लेकर आए किसानों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा। व्यापारियों ने रविवार को राम-नाम संकीर्तन करने, 3 सितम्बर को सद्बुद्धि यज्ञ एवं 4 सितम्बर को सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ एवं सुंदरकांड पाठ कराने की बात कही। गोयल ने बताया कि 5 सितम्बर को दोपहर 12 से मौन जुलूस निकाला जाएगा। इस दौरान शिम्भूदयाल शर्मा, बाबूलाल कोषाध्यक्ष, राजेश मित्तल, विष्णु, राजेश गोयल, प्रहलाद, राजेश गोयल, केदार प्रसाद पीतलिया आदि थे।
Published on:
02 Sept 2018 12:20 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
