सवाईमाधोपुर. जिले में हस्तशिल्पियों को एक मंच पर लाकर रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से साल में करोड़ों की लागत से रामसिंहपुरा में शिल्पग्राम का निर्माण कराया गया था। सालों तक उजाड़ पड़े रहे शिल्पग्राम की इस साल पर्यटन विभाग ने सुध ली और शिल्पग्राम में मरम्मत कार्य करवाकर शिल्पग्राम की एक नई तस्वीर तो बना दी लेकिन इसके बाद भी लोगों को शिल्पग्राम का लाभ नहीं मिल पा रहा है। हालात यह है कि शिल्पग्राम में चंद ही हस्तशिल्पी हैं। ऐसे में शिल्पग्राम विभागीय अनदेखी के चलते एक बार फिर से सिर्फ नाम का बनता नजर आ रहा है।
निजी फर्म कर रही संचालन शिल्पग्राम का वर्तमान में नई दिल्ली की एक निजी संस्था की ओर से संचालन किया जा रहा है, लेकिन संस्था की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में हस्तशिल्पियों को बढ़ावा देने व ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास नही हो हैं।
2013 में पड़ी थी नींव रामसिंहपुरा में शिल्पग्राम की नींव तात्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री बीना काक ने 26 अप्रेल 2013 को डाली थी। 22 एकड़ में फैले इस शिल्पग्राम के निर्माण में करीब 15 करोड़ से अधिक की लागत आई थी।
अधिक किराए के चलते नहीं दिखा रहे रुचि शिल्पग्राम में हस्तशिल्पियों को अपने हस्त निर्मित सामग्री को बेचने के लिए पहले दुकान लेना अनिवार्य है, लेकि न शिल्पग्राम का संचालन कर रही संस्था एक दुकान के एवज में 15 हजार रुपए मासिक किराया वसूल कर रही है। इतना ही नहीं खुले चबूतरे पर ही हस्त निर्मित सामग्री बेचने के लिए हस्तशिल्पियों को पांच हजार रुपए मासिक चुकाने पड़ रहे हैं। ऐसे में गरीब हस्तशिल्पी शिल्पग्राम में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
आवासीय सुविधा भी होनी थी मुहैया शिल्पग्राम में वर्ष पर्यन्त सांस्कृतिक गतिविधियां व क्रॉफ्ट प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए यहां के स्थानीय कलाकारों व बाहर से आने वाले कलाकारों के लिए शिल्पग्राम में ही आवासीय सुविधा उपलब्ध करानी थी, लेकिन अब तक यह सुविधा भी नहीं दी जा रही है।
मरम्मत में खर्च हुए लाखों शिल्पग्राम के जीर्णोद्धार में करीब पचास लाख की लागत आएगी। अब तक शिल्पग्राम में बनी झोंपडिय़ों की मरम्मत करा कर उनके नई वायरिंग करवा दी गई है। इसके अतिरिक्त पूरे शिल्पग्राम परिसर में पौधारोपण किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त पर्यटकों की सुविधा के लिए गार्डन, कैंटीन, फव्वारे आदि का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिल्पग्राम तक जाने की राह को सुगम करने के लिए सड़क का निर्माण भी स्वीकृत हो चुका है।
शिल्पग्राम में हस्तशिल्पियों की अभी पांच छह दुकानें हैं। हस्तशिल्पियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जल्द ही कई कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। बलराम, सुपरवाइजर, शिल्पग्राम, रामसिंहपुरा, सवाईमाधोपुर।