नाबालिग ने किया बाल विवाह से इनकार,थाने पहुंचकर दर्ज कराई प्राथमिकी,न्यायालय ने परिजनों को किया पाबंद
खण्डार . उपखण्ड क्षेत्र के थाना बहरावण्डा कलां के गांव कोसरा में एक 17 वर्षीय बालिका ने बाल विवाह करने से मना कर दिया। बालिका ने विरोध करते हुए थाने पहुंच प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाधिकारी हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि कोसरा गांव के सुग्रीव जाट, महावीर जाट आदि लोग अपनी 17 वर्षीय बालिका का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में करवाना चाहते थे। घर वालों ने किशोरी को विवाह के लिए मजबूर कर रखा था, लेकिन किशोरी किसी प्रकार से थाना में आ गई और बालविवाह की जानकारी दी। इस पर थानाधिकारी ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए किशोरी के माता पिता को बुलाया और बाल विवाह नहीं करवाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद थानाधिकारी की ओर से बालविवाह को लेकर इस्तगासा न्यायालय में पेश किया। जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने वर वधू व उनके माता पिता को न्यायालय में बुलाकर बाल विवाह नहीं करने के लिए पाबन्द किया।