
सवाईमाधोपुर शहर के रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन करते कलाकार।
सवाईमाधोपुर. नगर रामलीला मण्डल समिति के तत्वावधान में शहर के रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में बुधवार को केवट द्वारा चरण पखार कर श्री राम,जानकी, लक्ष्मण संगीतमय भजन के साथ जब नदी पार कराया तो दर्शक आनंद से सराबोर हो गए। समिति के प्रवक्ता दिलीप शर्मा ने बताया कि सुमंत के विलाप व दशरथ के प्राण त्याग की लीला को देखकर द्रवित भी हुए। केवट द्वारा सुनाए भजन को लोग देर तक गुनगुनाते रहे। समिति अध्यक्ष रामजीलाल जोशी, महामंत्री राजेंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार को भरत मिलन की लीला का मंचन होगा।
नारद मोह का किया मंचन
विजयेश्वर धर्मार्थ ट्रस्ट रामलीला मण्डल की ओर से बुधवार को मानटाउन क्लब में रामलीला का आगाज हुआ। मुख्य अतिथि जिला कलक्टर पीसी पवन ने कार्यक्रम का आगाज किया। नगर परिषद उपसभापति कपिल जैन पार्षद राजेश गोयल कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद सभापति डॉ. विमला शर्मा ने की। महामंत्री पण्डित लालचन्द गौतम ने बताया कि पहले दिन वृंदावन से आए कलाकारों ने नारद मोह, रावण-कुंभकरण के जन्म की लीला का मंचन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष
बहरावण्डा खुर्द. कस्बा स्थित राउमावि परिसर के रामलीला मंच पर नगर रामलीला मण्डल के तत्वावधान में चल रही रामलीला में बुधवार को मुख्य अतिथि बहरावण्डा खुर्द के सियाराम चौधरी ने मंचन शुरू किया। मंचन के दौरान जनकपुरी में राजा जनक ने सीता स्वयंवर का आयोजन किया। जिसमे श्रीराम ने एक ही बार में शिव धनुष को भंग कर दिया। मंगलगीतो के साथ श्रीराम और जानकी ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। नगर रामलीला मण्डल के सभापति राधेश्याम शास्त्री ने बताया कि इससे पूर्व रामलीला मंचन में श्रीराम द्वारा अहिल्या का उद्धार, ताड़का वध, सुबाहु मारीच वध, सीता स्वयंवर यज्ञ, राजाओ द्वारा शिव धनुष भंग करने का प्रयास आदि लीलाओ का मंचन किया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष कन्हैया लाल चौधरी, मंत्री हनुमान सिंघल, उपाध्यक्ष रमेश फौजी, कोषाध्यक्ष बनवारी गौतम, कथावाचक बद्री लाल मीणा व रघुवीर चौधरी आदि मौजूद थे।
Updated on:
11 Oct 2018, 1:42 PM IST
Published on:
11 Oct 2018, 1:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.