
रणथम्भौर में फिर गूंजी किलकारी
सवाईमाधोपुर.
क्रिसमस के अवसर पर रणथम्भौर से वन्यजीव प्रेमियों के लिए भी सुखद खबर आई है। रणथम्भौर बाघ परियोजना एक बार फिर नन्हें शावकों की किलकारी गूंज गई है। इस बार रणथम्भौर में खुशखबरी बाघिन टी-99 ने दी है। बाघिन टी-99 रणथम्भौर के जोन दस के हलौंदा एरिया में एक शावक के साथ कैमरे में कैद हुई है। ऐसे में एक बार फिर रणथम्भौर में बाघों का कुनबा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर विभाग की ओर से मॉनिटरिंग के लिए क्षेत्र में कैमरा ट्रैप भी लगाए गए हैं।
तीन माह का शवक
वनाधिकारियों ने बताया कि बाघिन के साथ कैमरे में कैद हुआ शावक करीब तीन माह का है। फिलहाल बाघिन के साथ एक ही शावक कैमरे में कैद हुआ है। हालांकि बाघिन आमतौर पर एक से अधिक शावकों को जन्म देती है। ऐसे में और भी शावक होने से आसार जताए जा रहे हैं।
पहली बार बनी मां
वनाधिािरयों ने बताया कि बाघिन टी-99 बाघिन टी-60 की बेटी है। और बाघिन टी-99 ने पहली बार ही शावक को जन्म दिया है। आम तौर पर बाघिन का मूवमेंट रणथम्भौर की फलौदी रेंज व रणथम्भौर के जोन दस के एरिया में रहता है।
पत्रिका ने पहले ही जता दी थी संभावना
राजस्थान पत्रिका ने बाघिन टी-99 के मां बनने की संभावना पहले ही जता दी थी। राजस्थान पत्रिका ने 21 दिसम्बर के अंक में ‘रणथम्भौर में जल्द मिल सकती है खुशखबरी’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर बाघिन के मां बनने की संभावना जता दी थी। अब बाघिन के शावक के साथ फोटो ट्रैप कैमरे में कैद होने के बाद पत्रिका की खबर पर मोहर लग गई है।
वायरल वीडियो में बाघिन टी-99 नहीं
इधर, सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें रात के अंधेरे में एक बाघिन तीन शावकों के साथ घूमती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर उक्त बाघिन को बाघिन टी-99 बताया जा रहा है। हालांकि वनाधिकारी वीडियो की बाघिन को टी-99 नहीं मान रहे हैं।
इनका कहना है...
रणथम्भौर के हलौंदा एरिया में बाघिन टी-99 एक शावक के साथ कैमरे में कैद हुई है। जहां तक सोशन मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की बात है तो वीडियो की बाघिन टी-99 नहीं है।
- महेन्द्र शर्मा, उपवन संरक्षक, रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाईमाधोपुर।
Updated on:
25 Dec 2021 06:54 pm
Published on:
25 Dec 2021 06:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
