गंगापुरसिटी. घर बैठे एफआईआर लिखाने व मामले की प्रगति की ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराने की पुलिस महकमे की महत्ती योजना परवान नहीं चढ़ पाई है। इसका मुख्य कारण है कम्प्यूटर में दक्ष कार्मिकों का अभाव। हकीकत यह है कि तीन-चौथाई पुलिसकर्मियों से अभी कम्प्यूटर का माउस तक नहीं संभल रहा है। यही वजह है कि पुलिस वेबसाइट पर भले ही ऑनलाइन एफआईआर का लिंक डाल दिया हो, लेकिन पुलिस महकमा ऑफलाइन है। वर्तमान में थानों पर कम्प्यूटर से एफआईआर काटी जा रही है। दो-तीन पुलिसकर्मी ही कम्प्यूटर जानते हैं, जिन्हें विशेष प्रशिक्षण दिया गया था। इसके अलावा थानों में अन्य किसी का कम्प्यूटर से कोई सरोकार नहीं है। ग्रामीण थानों की हालत और खराब है। जिले में कुल 16 थाने हैं और वर्ष भर करीब 4 से 5 हजार एफआईआर काटी जाती हैं।