
sawaimadhopur
सवाईमाधोपुर . लूट की राशि से अब तक आरोपितों को मौज मस्ती या अपने उपयोग में राशि लेने के बारे में तो सुना होगा, लेकिन हाल ही में एक मामला ऐसा सामने आया है जिसमें आरोपित ने लूटी राशि में से 6 लाख रुपए से मंदिर बनवा दिया और गांवों वालों को भोजन करा दिया। सवाई माधोपुर शहर निवासी राजेन्द्र जैन से 26 लाख की लूट करने वाले आरोपित कुम्हारों की ढाणी रतनपुरा बौंली निवासी पृथ्वीराज मीणा ने पुलिस रिमाण्ड के दौरान यह बात स्वीकार की।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ कर पुष्टि भी की। गौरतलब है कि आरोपितों के खिलाफ शहर निवासी राजेन्द्र जैन ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने पृथ्वीराज सहित दिलखुश मीणा निवासी कुम्हारों की ढाणी रतनपुरा बौंली तथा नरेन्द्र मीणा निवासी बेनाड़ा की ढाणी बौंली को गिरफ्तार किया था।
आरोपित सहित सभी भाई अपराध की राह पर
आरोपित ने खुद के परिवार से ही अपराध की राह पकड़ी है। आरोपित सहित इसके तीन अन्य भाई भी अपराध की राह पर है। उनके खिलाफ विभिन्न थानों में दुष्कर्म, लूट, अपहरण, चोरी आदि के मामले दर्ज है। बौंली थाना पुलिस के अनुसार आरोपित पृथ्वीराज मीणा चार भाई है। इसके अलावा मीठालाल, रामराज व मुकेश के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपित रामराज के खिलाफ मानटाउन थाने में वर्ष 2011 में चोरी का, वर्ष 2013 में आरोपित रामराज, पृथ्वीराज,मीठालाल व मुकेश के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का, आरोपित मीठालाल व मुकेश के खिलाफ मारपीट तथा आरोपित रामराज व मीठालाल के खिलाफ किशनगढ़ अजमेर में अपहरण का, रामराज के खिलाफ शिवदासपुरा जयपुर में आम्र्स एक्ट व जबरन वूसली तथा बौंली थाने में आरोपित रामराज के खिलाफ वर्ष 2013 में मारपीट के मामले दर्ज है।
इन कार्यों में खर्च की
कोतवाली पुलिस के उपनिरीक्षक जगदीश भारद्वाज के अनुसार आरोपित ने बताया कि उसने धार्मिक कार्यक्रमों के तहत दो बार ग्राम पंचायत क्षेत्र के सभी 4-5 गांवों के ग्रामीणों को सामूहिक भोजन प्रसादी पर करीब 5 लाख खर्च किए। इसी प्रकार शिवदासपुरा जयपुर थाने में लूट मामले में गिरफ्तार भाई रामराज मीणा की हाईकोर्ट से जमानत पर करीब 5 लाख रुपए खर्च किए। इसके अलावा करीब 3 लाख रुपए का पुराना ट्रैक्टर खरीदा। खुद के मकान निर्माण में 4 लाख रुपए खर्च किए। इसके अलावा कुछ लाख रुपए मौज मस्ती व अपने शौक पूरे करने व गांव में ब्याज पर उधार दे दिए। शेष राशि के बारे में आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
यह था मामला
पीडि़त शहर निवासी राजेन्द्र जैन ने एक युवती सहित तीन जनों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार पीडि़त ने बताया कि 25 फरवरी 2017 को उसके मोबाइल फोन पर एक लड़की का फोन आया। उसने स्वयं का नाम बबीता बताया। एक माह तक लगातार उसी नम्बर से फोन आता रहा। उससे वह प्यार भरी बातें करती रही। इसके बाद उसने मिलने के लिए कोथून पुलिया जयपुर बुलाया। इस दौरान जब वह उससे मिलने गया तो वहां उसके साथ आए तीन लड़कों ने उसे पकड़ लिया। इसमें एक पृथ्वीराज मीणा था।
आरोपितों ने कहा कि उन्हें दस लाख रुपए दे, वरना लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज करा देंगे। इस पर आरोपितों ने उससे मोबाइल, सोने की चेन, अंगूठी व 13 हजार की नकदी छीन ली। लेकिन वह नहीं माने उन्होंने पैसे देने के लिए कहा। इस पर सवाईमाधोपुर फोन कर 4 लाख रुपए मंगवाए। आरोपितों के बताए पते पर निवाई रेलवे स्टेशन पर 4 लाख रुपए दिए।
इसके बाद आरोपित उसे लगातार राशि देने के लिए धमकाते रहे। अब तक पीडि़त से आरोपित उससे 25 लाख 78 हजार नकद व 91 हजार की सोने की चेन, मंगलसूत्र सोने चांदी की पायजेब, कनकती आदि लूट ले गए। तीन चार दिन पहले आरोपितों ने 4 लाख रुपए देने को कहा था। राशि नहीं देने पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए धमकाया था।
पीडि़त से कराई शिनाख्त
कोतवाली पुलिस ने बताया कि लूट के बापर्दा गिरफ्तार आरोपित दिलखुश मीणा निवासी कुम्हारों की ढाणी रतनपुरा बौंली तथा नरेन्द्र मीणा निवासी बेनाड़ा की ढाणी बौंली की पीडि़त राजेन्द्र जैन से जिला कारागृह में शिनाख्त कराई। इस पर पीडि़त ने दोनों आरोपितों को पहचान लिया। पुलिस ने बताया कि शीघ्र ही उन्हें प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।
-रिमाण्ड के दौरान लूट के आरोपित से पूछताछ की जा रही है। उसने लूट कुछ राशि को मंदिर निर्माण, व अन्य कार्यों पर खर्च करना बताया है। शेष राशि के बारे में व उसकी रिकवरी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
नेमीचंद, थानाप्रभारी, कोतवाली थाना सवाईमाधोपुर
Published on:
12 May 2018 06:39 pm
