
,,
गंगापुरसिटी। नादौती थानान्तर्गत बाड़ा बाजीदपुर गांव निवासी एक विवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। शव को राजकीय चिकित्सालय में सुबह आठ बजे लाया गया, लेकिन पीहर पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने में देरी के कारण पोस्टमार्टम करीब चार बजे हो पाया। इस दौरान दोनों पक्ष अस्पताल में ही डटे रहे।
बाद में टोडाभीम पुलिस उपाधीक्षक अमरसिंह मीना के अस्पताल पहुंचने पर पंचनामा की कार्रवाई की गई। इसके बाद पोस्टमार्टम हो पाया। इस सम्बंध में मृतका रूपंती बाई बैरवा (30) पत्नी अरुण बैरवा है। इस सम्बंध में कुडग़ांव थानान्तर्गत सलेमपुर निवासी विवाहिता के पिता बाबूलाल पुत्र सूखा बैरवा ने नादौती थाने में सुसराल वालों के खिलाफ गला घोंट कर मारने के आरोप की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लड़का नहीं होने पर मारने का आरोप
प्राथमिकी में पिता ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 28 फरवरी 2017 को बाड़ा बाजीदपुर निवासी अरुण के साथ हुई थी। इस दौरान उसके तीन पुत्री हुई है। इस बात पर पति रोज उससे मारपीट करता था। कहता था कि तेरे से एक भी लडक़ा नहीं हुआ है। तू मेरे साथ नहीं रह सकती है। तुझे अब मैं जान से मारकर ही दम लूंगा। उसकी पुत्री धार्मिक कार्यक्रम में अपने पीहर आई हुई थी। उसके बाद पति अरुण 24 जून को शाम को उसे ससुराल ले गया। इसके दूसरे दिन ससुराल वालों ने उसको मानसिक रूप से पूरे दिन परेशान किया। इनमें पति अरुण, ससुर हरिचरण, जेठ दीपक, जेठानी ममता ने मारपीट की। रात करीब 11 बजे पति ने बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी। दूसरी ओर पति अरुण का कहना है कि वह अपनी पत्नी को पीहर सलेमपुर छोडऩे जा रहा था। इस दौरान गंगाजी की कोठी के पास पत्नी मोटरसाइकिल से गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। इधर, पुलिस उपाधीक्षक अमरसिंह मीना ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम करा दिया गया है।
Published on:
27 Jun 2023 06:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
