सवाईमाधोपुर. दीपावली पर्व में अब चंद दिन शेष है। ऐसे में आतिशबाजी आग जनित दुर्गघटनाओं की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। खुशियों के माहौल में कोई हादसा नहीं हो, इसके लिए जरूरी है कि सुरक्षा के माकूल प्रबंध पहले से ही कर लिए जाए। लेकिन जिले में ऐसा नहीं हो रहा है। दीपावली पर्व में नगरपरिषद की दमकलों को लेकर रविवार को पत्रिका टीम ने जांच पड़ताल की। इस दौरान यह बात सामने आई कि जिले में आग बुझाने के इंतजाम नाकाफी है। हकीकत यह है कि मौजूदा समय में जिला केवल छह दमकलों के भरोसे है। इनमें सवाईमाधोपुर नगरपरिषद के पास वर्तमान में 6 दमकलें है। इनमें दो दमकलें खराब है, जबकि दो गंगापुरसिटी में है। इसके अलावा अन्य उपखंड में दमकलों का अभाव है।