मलारना डूंगर. गत माह 15 जनवरी से ही पटवारियों द्वारा अतिरिक्त पटवार मण्डलों का कार्य नहीं करने से अब किसानों के साथ ही विद्यार्थियों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिन पटवार मण्डलों का पटवारियों ने बस्ता बंद कर तहसील कार्यालय में जमा करवा दिया है। वहीं के किसानों व विद्यार्थियों के जरूरी काम भी नहीं हो रहे हैं। मलारना स्टेशन निवासी विद्यार्थी दिलखुश गुर्जर, टीकम चंद सैनी, आसिक हुसैन, सद्दाम हुसैन आदि ने बताया कि सरकारी नौकारियों के साथ ही स्कूल व कॉलेजों में आवेदन जमा कराने के लिए जाति व मूल निवास प्रमामण पत्र जरूरी है।
ऐसे में पटवारियों द्वारा अतिरिक्त पटवार मण्डलों में काम नहीं करने की बात कहकर जरूरी दस्तावेजों पर रिपोर्ट नहीं करने से विद्यार्थियों के दस्तावेज नहीं बनने से सरकारी नौकरी व स्कूल तथा कॉलेजों में आवेदन जमा कराने में परेशानी हो रही है। यही आलम रहा तो विद्यार्थियों का भविष्य भी खराब हो सकता है। उधर किसान वर्ग भी पटवारियों की बस्ता बंद हड़ताल से खासे परेशान हैं। किसानों के भी जरूरी कार्य नहीं हो रहे हैं। उधर इस मामले में राजस्थान पटवार संघ उप-शाखा मलारना डूंगर अध्यक्ष प्रेमराज गुर्जर का कहना है कि उन्होंने राजस्थान पटवार संघ प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर अतिरिक्त पटवार मण्डलों में कार्य बहिष्कार कर बस्ते तहसील कार्यालय जमा करवा दिए हैं।
मण्डलों की परेशानी
जानकारी के अनुसार मलारना डूंगर तहसील क्षेत्र के पटवार मण्डल चकबिलोली, दौनायचा, भूखा, कुण्डली नदी, बहतेड़, मलारना डूंगर बी, मलारना चौड़ ए, मलारना चौड़ बी, गम्भीरा, खिरनी ए, खिरनी बी, कहार उर्फ बड़ा गांव, नीमोद, करेल व श्रीपुरा पटवार मण्डलों के लोगों को परेशानी हो रही है।