
sawaimadhopur: जीनापुर में राधाकृष्ण मंदिर परिसर में भागवत कथा सुनते श्रद्धालु व बीड़ के बालाजी स्थान पर निकलती कलशयात्रा।
सवाईमाधोपुर. जीनापुर के राधाकृष्ण मंदिर में भगवान राधाकृष्ण व शिव पंचायत मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर चल रही भागवत कथा सुनने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आ रहे हैं। कथा के दूसरे दिन शनिवार को कथावाचक सत्यनारायण महाराज ने भगवान के 24 अवतार के जन्म की कथा का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कथा का वाचन करते हुए बताया कि भगवान ने 24 अवतार में जन्म लिया है, जो व्यक्ति ईश्वर की आराधना करता है, भगवान 24 घंटे उसकी रक्षा करते है। आयोजकों ने बताया कि रविवार को नित्यार्चन, जलाधिवास, गंगाधिवास, पुष्पाधिवास, धु्रवा चरित्र, जड़-भरत व अजमिल एवं नृसिंह अवतार की कथा का प्रसंग सुनाया जाएगा।
निकाली कलशयात्रा
लहसोड़ा के पास बीड़ के बालाजी स्थान पर शनिवार से पंचकुण्डीय रामयज्ञ शुरू हुआ। इस दौरान 251 कलशों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यज्ञकर्ता शिवदास त्यागी महाराज के सान्निध्य में प्रधान कुण्ड की बोली रामावतार दुब्बे ने एक लाख 21 हजार रुपए के नाम छोड़ी। इसी प्रकार शिव पंचायत स्थापना जगदीश गुर्जर एवं ध्वजा की बोली हनुमान गुर्जर खिरकड़ी के नाम छोड़ी गई। यज्ञ में मथुरा मण्डली की ओर से रोजाना रात आठ बजे से रामलीला का आयोजन किया जाएगा।
स्नेह मिलन समारोह आज
सवाईमाधोपुर . राजपूताना सेवा संघ पांवडेरा के तत्वावधान में रविवार को क्षत्रिय पूर्विया राजपूत समाज धर्मशाला चौथकाबरवाड़ा में राजपूत समाज के युवाओं का स्नेह मिलन समारोह व विचार गोष्ठी समारोह होगा।
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में स्थित ग्राम पंचायत सभागार में शनिवार को ग्राम पंचायत की ओर से ईद मिलन तथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के साथ कस्बे के सभी समाजों के लोगों तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि आईएएस अधिकारी उमरदीन खान रहे। इस दौरान उनका सभी समाजों की ओर से सम्मान भी किया गया। उन्होंने कहा कि त्योहार से ही भारतीय संस्कृति तथा परम्पराओं का ज्ञान होता है व भाईचारा बढ़ता है।
कार्यक्रम को पेंशनर समाज के अध्यक्ष शरीफ अहमद ने कहा कि त्योहार हमें सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर चौथमाता ट्रस्ट पदाधिकारियों, पेंशनर समाज के सदस्यों, मीना, बैरवा, रैगर, माली, मुस्लिम, राजपूत, कोली, गुर्जर, ब्राह्मण, जनकल्याण पर्यावरण समिति सहित अन्य कई समाज के लोगों ने ईद की मुबारकबाद दी।
Published on:
17 Jun 2018, 5:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.