
Rajasthan Road Accident: सवाईमाधोपुर के कुण्डेरा थाना क्षेत्र के श्यामपुरा की डूंगरी के पास शनिवार रात को बेकाबू ट्रैक्टर ने एक युवक को टक्कर मार दी। लहुलुहान हालत में युवक को जिला अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जयपुर रैफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने श्यामपुरा मोड पर जाम लगा दिया और हंगामा किया। इसके बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और देर शाम तक ग्रामीणों से समझाइश करते रहे।
मृतक ऋषिकेश मीणा (30) पुत्र हरिनारायण मीणा निवासी हिंगोणी है। वह शनिवार रात को अपनी बेटी के साथ घर जा रहा था। इस दौरान ट्रैक्टर ने ऋषिकेश और उसकी बेटी को टक्कर मारी थी। वहीं पीछे आ रहे ट्रैक्टर उसे रौंदते हुए निकल गए। इस दौरान ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रोकने की नाकाम कोशिश भी की।
आनन-फानन में ऋषिकेश और उसकी बेटी प्रिया को जिला अस्पताल भर्ती कराया। यहां से ऋषिकेश को जयपुर रैफर कर दिया। वहीं प्रिया के पैर में फ्रेक्चर व अन्य चोटे होने से जिला अस्पताल में उपचार जारी है। लेकिन ऋषिकेश ने रविवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा विरोध जताया। ग्रामीणों ने श्यामपुरा चकेरी मोड पर शव सडक़ पर रखकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने रिपोर्ट में खाली ट्रैक्टर से हादसा होना दर्शाया है, जो कि बजरी माफियाओं से पुलिस की मिलीभगत को दर्शाता है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव से बजरी के ट्रैक्टर रोजाना तेज गति से निकलते हैं। इससे हादसों की आशंका बनी है। क्षेत्र में अवैध बजरी खनन व परिवहन बंद हो और विधवा के बच्चों को उचित मुआवजा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। विरोध के बाद सीओ सिटी उदय सिंह मीणा मौके पर पहुंचे। देर शाम तक ग्रामीणों से समझाइश चलती रही।
Updated on:
21 Apr 2025, 11:56 AM IST
Published on:
21 Apr 2025, 11:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.