बौंली. क्षेत्र के लोगों को इस बार की गर्मीमें भी बीसलपुर बांध का पानी मिलने के दूर-दूर तक आसार नजर नहीं आ रहे। परियोजना के कार्य की गति को देखने से जलदाय विभाग के उच्चाधिकारियों के दावे खोखले साबित होते दिख रहे हैं। गौरतलब है कि निवाई-बीसलपुर पेयजल परियोजना कार्य की गति का जायजा लेने गत माह जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता एके जैन बौंली आए थे। उस दौरान उन्होंने अप्रेल माह में टैंकर से जलापूर्ति को पूरी तरह बंद कर कस्बे में बीसलपुर का पेयजल उपलब्ध कराने का दावा किया था। साथ ही अधिकारियों को जरूरी कार्यों को ३१ मार्च तक प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन जिस गति से काम चल रहा है उससे नहीं लग रहा कि पानी अप्रेल तक आ सकेगा।
ये कराने थे कार्य
बौंली-निवाई मुख्य पेयजल पाइप लाइन बिछाने, निवाई हैडवर्क पर पम्प हाउस तैयार कर विद्युत कनेक्शन कराने व बिछाई गई पाइप लाइन का टेस्टिंग कार्य पूरा करना था। मार्च माह में मात्र ५ दिन शेष बचे हैं लेकिन अभी तक पाइप लाइन बिछाने का कार्य ही पूरा नहीं हो पाया। जामडोली, झिलाई व गोशाला के पास वाले ना पाइप लाइन डल पाईना ही हैडवर्क पर पम्प लग पाया है। कस्बे में टंकी, सीडब्लूआर व लाइनों का कार्य भी अधूरा पड़ा है।
पेयजल किल्लत शुरू
अभी गर्मी की शुरुआत हुई है लेकिन अभी से पेयजल किल्लत होने लगी है। कभी बिजली कटौती तो कभी तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं को तीन दिन में आधा घंटे पानी मिल रहा है। जब गर्मीकी शुरुआत में ही यह हाल है तो आने वाले दिनों में क्या स्थिति होगी। इसको लेकर लोग अभी से परेशान हैं।
बंधी थी राहत की उम्मीद
कस्बे के लिए बीसलपुर परियोजना की स्वीकृति व गर्मी से पहले पेयजल मिलने के आश्वासनों से लोगों को इस बार की गर्मी में पेयजल को लेकर राहत की उम्मीद बंधी थी। लेकिन कार्य की प्रगति को देखते हुए उनकी उम्मीदें धूमिल होती नजर आ रही हैं।
प्रयास जारी
विभाग से परियोजना की प्रगति के बारे में मिली रिपोर्ट से अप्रेल माह में कस्बे में पेयजल आपूर्ति की उम्मीद थी। लेकिन लाइन डालने में दूसरे विभाग की आ रही अड़चन से समय लग सकता है। अधिकारियों को प्राथमिकता से कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द काम पूरा कर कस्बे के लोगों को बीसलपुर का पानी पहुंचा सकें।
एके जैन, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जलदाय विभाग, भरतपुर
फोटो बीओ २६०३ सीए- बौंली के सीडब्ल्यूआर कैम्पस में निर्माणाधीन पेयजल टंकी।