गंगापुरसिटी. सवाईमाधोपुर जिले में अपने तीन दिवसीय दौरे के तहत जनसंवाद के लिए दूसरे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हेलीकॉप्टर से गुरुवार सुबह 11.45 बजे गंगापुरसिटी पहुंची। जहां बामनवास के कार्यकर्ताओं व लोगों से संवाद कर योजनाओं का फीड बैक लिया। इस दौरान उन्होंने बामनवास क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं की। इनमें खेल स्टेडियम बनाने, नानेटा घाटी की मंजूरी दिलाने, चरागाह में गोशाला बनवाने, बामनवास से दो हाइवे निकालने के लिए सर्वे कराने की घोषणा की। इसके अलावा जिले के 81 हजार किसानों का 271 करोड़ रुपए का ऋण माफ करने को कहा। इससे पहले राजकीय महाविद्यालय के मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों की ओर से स्वागत के बाद सुबह करीब 11.55 यहां पार्थ रिसोर्ट में उन्होंने लोगों की समस्याएं जानी। शिकायतों के ज्ञापन लिए और निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने विकास कार्य की प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं को स्कूटी तथा लैपटॉप का वितरण किया। दोपहर करीब 12.30 बजे उन्होंने बामनवास के कार्यकर्ताओं से जनसंवाद किया। करीब तीन घंटे बाद लोगों व कई संगठनों से चर्चा की गई। शाम करीब साढ़े पांच बजे वे यहां से रवाना हो गई। मुख्यमंत्री अब शुक्रवार को गंगापुरसिटी के कार्यकर्ताओं व लोगों से संवाद करेंगी।