
सिवनी. लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शनिवार को १.४० लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए सहायक संचालक अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग विशाल श्रीवास को गिरफ्तार किया है। विशाल पर आरोप है कि उन्होंने मीनाक्षी पैरामेडिकल कॉलेज काली चौक के संचालक से छात्रवृत्ति और शिक्षण शुल्क देने के नाम पर उक्त राशि की डिमांड की थी। संचालक मनीष शर्मा ने पांच अप्रैल को इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। सात (शनिवार) को टीम ने कार्रवाई की है।
लोकायुक्त की टीम की माने तो शर्मा के कॉलेज में ९६ ओबीसी के बच्चे सार्टीफिकेट कोर्स करते हैं। उनकी फीस सरकार देती है। छात्रवृत्ति के अतिरिक्त एक बच्चे की करीब १३००० रुपए मिलती है। विगत दिनों कार्यालय से सभी बच्चों का पैसा उनके खाते में डाला गया। इसके लिए सहायक संचालक ने शर्मा से दो लाख रुपए की डिमांड की थी। पैसा भेजने के बाद वे उस पर दबाव बना रहे थे। शर्मा का कहना था कि पैसे छात्रों के खाते में गए है। ऐसे में उनसे मांग कर लाया जाना संभव नहीं है। लेकिन सहायक संचालक दबाव बनाना कम नहीं कर रहे थे। इस पर शर्मा ने पांच अप्रैल को इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी जबलपुर से की। छह को सहायक संचालक से उसने कुल ९६ छात्रों के खाते में दिए गए १४ लाख रुपए का १० फीसदी १.४० लाख रुपए रिश्वत देना तय किया। उक्त राशि लेकर जब शर्मा आए तो सहायक संचालक ने दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भार्गव को भेजा। कर्मचारी पैसा लेकर शर्मा को बावरिया रोड स्थित अमीया बाग ले गया, जहां सहायक संचालक श्रीवास पैसा लेने आए तो लोकायुक्त की टीम ने दबोच लिया। इस संबंध में सहायक संचालक ने शर्र्मा पर फंसाने का आरोप लगाया है।
पीआरओ के वाहन से रिश्वत लेने आए थे श्रीवास
लोकायुक्त की टीम व शिकायतकर्ता की माने तो बावरिया रोड स्थित अमीया बाग में सहायक संचालक श्रीवास जनसंपर्क विभाग के सहायक संचालक (पीआरओ) का वाहन (बोलेरो) लेकर रिश्वत लेने आए थे। उनके पास पीआरओ का वाहन कैसे आया था? इसकी जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो उक्त वाहन का कांच ब्लैक दिख रहा था।
तीन माह में रिश्वत लेते पकड़े गए तीन भ्रष्ट अधिकारी
- नौ फरवरी को पीडब्लूडी के संभागीय प्रोजेक्ट इंजीनियर मोहन डेहरिया को लोकायुक्त ने ५० हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।
- २० मार्च को मत्स्य विभाग के निरीक्षक शिरिष बख्शी को लोकायुक्त ने २० हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा।
- ७ अप्रैल को अन्य पिछड़ा वर्ग के सहायक संचालक १.४० लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़े गए।
Updated on:
08 Apr 2018 12:42 pm
Published on:
08 Apr 2018 01:00 pm
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
