छपारा. जिले में पुलिस की सख्ती के दावों के बीच अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं। छपारा थाना क्षेत्र में रविवार को एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपियों ने उसके खिलाफ शिकायत करने घर की महिलाओं को पहुंचा दिया। रविवार दोपहर तकरीबन एक बजे डूंगरिया वार्ड निवासी तुलसी राजभर व उनकी बुजुर्ग मां भूरी बाई (80) पर पड़ोसी ने सब्बल से हमला कर दिया। जिससे दिव्यांग तुलसी राजभर गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसे सर में गम्भीर चोटें आई हैं। तुलसी राजभर को 10 टांके लगे हैं। इतना ही नहीं मारपीट करने वालों ने बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा। 80 वर्षीय महिला के साथ भी जमकर मारपीट की। महिला का हाथ तोड़ दिया। आरोपियों ने महिला के सर में गम्भीर वार किया। जिससे महिला भी खून से लहूलुहान हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 100 को फोन कर सूचना दी। तब 100 डायल ने घायलों को छपारा के अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां दोनों की हालत को गम्भीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया है।