सिवनी. एटीएम मशीन में रविवार को सुबह नौ बजे रुपए निकालने पहुंचे युवक ने बैंक के सामने बाइक खड़ी कर जब वह अंदर पहुंचा इसी बीच न जाने कैसे बाहर खड़ी बाइक में आग लग गई। कुछ ही देर मेें आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह नौ बजे कोतवाली अंतर्गत बारापत्थर एसबीआई बैंक परिसर के सामने बारापत्थर क्षेत्र निवासी संजय पिता जगन्नाथ सहारे अपने पुत्र के साथ बाइक क्रमांक एमपी 22 एमई 0825 में सवार होकर बारापत्थर एसबीआई बैंक परिसर के एटीएम में गया था। बैंक परिसर के सामने संजय ने बाइक खड़ी कर पुत्र के साथ एटीएम में रुपए निकालने गया तभी बाइक में अचानक आग भड़क गई। घटना होती देख संजय सहारे और आसपास पहुंचे लोगों ने तुरंत 100 डायल वाहन को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची 100 डायल वाहन के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग बुझी नहीं। इसी बीच फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई तब तक बाइक जलकर राख हो चुकी थी।
आग से जली फसल, मुआवजे की मांग
धनौरा थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरिया के देवरीकला में खेत में लगी आग से गेंहू फसल जलकर राख हो गई। इस मामले में किसान ने बताया कि उनके खेत में किसी ने जानबूझकर आग लगाकर नुकसान पहुंचाया है। देवरीकला के किसान रामा शिवहरे कमला पिता भारतलाल शिवहरे देवरीकला में सिंचित कृषि में गेहूं की फसल लगी हुई थी। लगभग 20 एकड़ में जो पूरी तरह जल कर राख हो गई। वहीं आगजनी मामले में लोगों ने बताया कि जब गांव के ही लोग खेत में लगी फसल में आग लगाकर भाग रहे थे तब खेत में काम कर रहे मजदूरों ने उन्हें भागते देखा है।
पीडि़त किसान ने बताया कि कड़ी मेहनत कर के फसल तैयार किया था और किसान क्रेडिट कार्ड लोन खाद बीज ले कर फसल तैयार किया था जो पूरी तरह जल कर राख हो गई। जब तक फसल को जलने से रोक पाते तब तक वह जल चुकी थी। आसपास के किसानों के द्वारा फसल को अपनी फसल को बचाया किसान के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर 100 डॉयल पहुंची। वहीं किसानों ने आग से नुकसान हुई फसल का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उच्चाधिकारियों से की है।