उधर वायरल वीडियो के बाद ग्रामीणों का कहना है कि अलग-अलग ठेके व स्थानों से धूमा क्षेत्र के गांवों में कार से शराब की तस्करी की जाती है। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने पूर्व में पुलिस व आबकारी विभाग से किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मंगलवार को ग्रामीणों की एक टोली जब कार से शराब की तस्करी हो रही थी तो उसे सडक़ पर ही पकड़ लिया। इसके बाद उसमें रखे शराब के कार्टून को बाहर निकालकर सडक़ पर पटक कर तोडऩे लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि कार से शराब की तस्करी करने वालों से पुलिस व आबकारी विभाग मिला हुआ है। इसकी वजह से इस पर रोक नहीं लग पा रही है। ग्रामीणों की माने तो ग्राम सलैया, मानकपुर, नगनदेवरी सहित दर्जनों ग्राम में शराब बेचने के लिए गांव-गांव पहुंचाई जाती है। बताया कि बीते कुछ दिन पूर्व इसका विरोध भी किया गया था, लेकिन कोई असर नहीं हुआ था। इस संबंध में धूमा थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो देखने के बाद टीम के साथ मौके पर गए थे, वहां पर कोई नहीं मिला है।