10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रक्षाबंधन के दिन टूटी सांसों की डोर, हादसों में सात की मौत

एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत, आक्रोशित लोगों ने लगाया जमा  
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सिवनी

•

image

Santosh Dubey

•

Updated: 27 Aug 2018, 12:08 PM IST

Rakshabandhan, accident, brother-sister, Rakhi, road accident, death, murder

रक्षाबंधन के दिन टूटी सांसों की डोर, हादसों में सात की मौत

सिवनी. रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर रविवार को सड़क हादसे में जहां एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई वहीं केवलारी, बंडोल व लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अन्तर्गत अन्य तीन लोगों की मौत समेत कुल सात लोगों की मौत हुई है।
पहला हादसा किंदरई थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनादौन-मंडला मार्ग में रविवार को दोपहर लगभग तीन बजे हुआ। यहां ट्रक व बाइक की जोरदार टक्कर से पति-पत्नी व दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक में फंसकर 10 वर्षीय पुत्र एक किलोमीटर दूर तक घिसट गया। भाई को राखी बांधने जा रही बहन व उसके पति, बच्चों की मौत की खबर पुलिस को देने के बाद जब तीन घण्टे तक एम्बुलेंस, 100 डॉयल व पुलिस नहीं पहुंची तो आक्रोषित लोगों ने मार्ग पर चक्काजाम लगा दिया जो रात लगभग 8.30 बजे खुला। तनाव की स्थिति देखते हुए किंदरई, घंसौर व लखनादौन समेत जिला मुख्यालय पुलिस लाइन से भी पुलिस बल पहुंचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किंदरई थाना क्षेत्र अंतर्गत रक्षाबंधन के अवसर पर ग्राम डुंगरिया निवासी नेमाबाई (28) अपने पति सुरेश यादव (32) व दो मासूम बच्चे संदीप (10), रोशनी (07) के साथ भाई को राखी बांधने अपने मायके ग्राम घुटना (मोहगांव) एक बाइक से जा रहे थे। वहीं मंडला से लखनादौन की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बाइक को टक्कर मार दिया। जहां एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोपहर में हुए इस हादसे की सूचना के बाद लगभग तीन घण्टे तक 100 डॉयल व पुलिस के नहीं पहुंचने से आक्रोषित ग्रामवासियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें लगी रही।
बहन का शव देख भाई सदमें में
सड़क दुर्घटना में मृत बहन, बहनोई और भांजा-भांजी को देख नेमाबाई के भाई व ममेरा भाई रामकुमार यादव सदमें में आ गए। दोनों पक्षों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। टक्कर के बाद जहां तीन लोगों के शव आसपास पड़े थे तो वहीं 10 वर्षीय पुत्र ट्रक में फंस गया। एक किलोमीटर दूर ट्रक चालक ने ट्रक रोककर फंसे बालक को निकालकर ट्रक आगे ले जाकर टोलटैक्स के पास खड़ा कर चालक वहां से फरार हो गए। वहीं परिजनों व ग्रामीणों ने बताया कि सूचना देने के बाद 100 डॉयल, एम्बूलेंस या पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच जाती तो शायद दो लोगों की जान बच सकती थी। पुलिस की इस लापरवाही से लोगों में आक्रोश उपजा और देखते ही देखते सड़क पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मार्ग में जाम लगा दिया। जिसमें दोनों तरफ वाहनों का लम्बा जाम लगा रहा। वहीं गर्भवती महिला को लेकर अस्पताल जा रही एम्बुलेंस को लोगों ने जाने दिया। वहीं अनेक वाहन 20 किलोमीटर दूर घूमकर किंदरई मार्ग से गुजरे।
समझाइश के बाद हटा जाम
ढुलमुल प्रशासनिक व्यवस्था, पुलिस की लचर कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों को समझाने अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंसौर तहसीलदार अमृतलाल धुर्वे, घंसौर टीआई संजय भलावी, किंदरई एसआई मिठाईलाल ठाकुर आदि ने इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की दी समझाइश के बाद लोगों ने जाम हटाया। रात 8.30 बजे एम्बुलेंस से सभी शवों को घंसौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
दूसरा हादसा बंडोल थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम बल्लारपुर निवासी रंजीत पिता बाबुल मरकाम (35) बाइक से रक्षाबंधन पर्व पर राखी बंधवाने अपनी बहन के घर ग्राम मटिया (कान्हीवाड़ा) जा रहा था। रविवार को दोपहर एक बजे बाइक से निकला रंजीत की बाइक ग्राम बल्लारपुर-मगरकठा के बीच सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। बाइक खेत में जा गिरी व बिना हेलमेट के चालक का सिर पेड़ से टकराने से रंजीत की मौके स्थल पर ही मौत हो गई।
इसी प्रकार तीसरी घटना में केवलारी थाना क्षेत्र के ग्राम मलारी निवासी मोटर मैकेनिक का काम करने वाले दिनेश यादव (20) को राखी बांधने उनकी दोनों बहनें मायके मलारी पहुंची थीं। शनिवार को काम पर गए भाई दिनेश के घर नही पहुंचने पर परिजन चिंतित हो गए। वहीं रविवार रक्षाबंधन के दिन दिनेश को घर के पास मेन रोड के किनारे गांव के लोगों ने मृत अवस्था में देखा तो स्तब्ध रह गए। परिजनों ने दिनेश की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
75 वर्षीय वृद्धा की हत्या
लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़वा में घर के पीछे 75 वर्षीय वृद्धा की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वृद्धा तीजोबाई पति स्व. अमिरचंद यादव अपने पुत्र रामकिशोर के साथ रहती थी। रात में भोजन करके वह घर के सामने के कमरे में सो गई। वृद्धा रात में निस्तार के लिए घर के बाजू से पीछे की बाथरूम जाती थी। रविवार को सुबह सात बजे जब नातन बाथरूम पहुंची तो वहां खून देखकर हतप्रभ रह गई। वृद्धा का पुत्र रामकिशोर घर से लगभग 60 फिट दूर स्थित गिरजा शंकर पटेल के खेत व बाड़ी के पास लगे बबुल के पेड़ के पास पहुंचा तो वहां उसके उसकी बूढ़ी मां मृत अवस्था में मिली। अज्ञात हत्यारे ने वृद्धा के सिर में वार कर उसे जलाने का भी प्रयास किया। जहां मृतिका की साड़ी जली वहीं उसका शरीर झुलस गया। पुलिस ने हत्या का मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।