सिवनी. केवलारी विकासखण्ड के ग्रामपंचायत पांडियाछपारा के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में पदस्थ प्राचार्य को हटाए जाने की मांग लेकर क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, अभिभावक व ग्रामीणों ने ९ बिंदुओं का शिकायती पत्र कलेक्टर के नाम कार्यालय पहुंचकर सौंपा है।
शिकायती पत्र में जनपद सदस्य वार्ड क्रमांक २० एम. बघेल, जनपद सदस्य वार्ड क्रमांक २१, विधायक प्रतिनिधि हायर सेकेण्डरी स्कूल पांडियाछपारा, पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष, ग्राम पंचायत नसीपुर के सरपंच रमेशप्रसाद देशमुख, ग्राम पंचायत दुरेन्दा सरपंच शारदा तुरकर, ग्राम पंचायत बागडोंगरी सरपंच, ग्राम पंचायत भरवेली सरपंच, ग्राम पंचायत बनाथर सरपंच रेखा चौधरी सहित अन्य के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती आरोप पत्र में कहा गया है कि हायर सेकेण्डरी स्कूल पांडियाछपारा के प्राचार्य की कार्यप्रणाली से पालक, बालक एवं क्षेत्रवासी परेशान हैं।
कलेक्टर के नाम सौंपे गए पत्र में आरोप लगाए हैं कि नवीन शिक्षा सत्र में प्रवेश के नाम पर राशि मांगे जाने, टीसी देने के नाम पर राशि मांगने, अनुपस्थिति पर प्रति विद्यार्थी १० रुपए लेने, संकुल आश्रित विद्यालय के शिक्षकों से वेतन पत्रक के साथ अतिरिक्त राशि लिए जाने, अंग्रेजी के स्थान पर छात्रों को संस्कृत चुनने के लिए वाध्य किए जाने, शिक्षकों, विद्यार्थियों से अभद्रता करने जैसे आरोप शामिल हैं।