
अलग-अलग घटनाओं में सात की मौत, पढि़ए पूरी खबर
सिवनी. कुरई थाना क्षेत्र के बोदानाला के पास एक कार की अज्ञात वाहन की टक्कर में तीन की मौत एवं दो घायल हो गए।
पहली घटना में पुलिस ने बताया कि धूमा थाना क्षेत्र निवासी योगेश, नीलेश और लखन की घटना स्थल में मौत हो गई। वहीं अर्पित राजपूत, प्रशांत गंभीर घालय हो गए। जिन्हे नागपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी नागपुर मैच देखने जा रहे थे।
दूसरी घटना- धूमा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात नाबालिग युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
तीसरी घटना- धूमा थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी में पति-पत्नी की विषाक्त के सेवन से मौत हो गई।
चौथी घटना - धूमा थाना क्षेत्र में एक युवती ने अज्ञात करण के चलते घर में फांसी लगा ली। सभी मामले में पुलिस जांच कर रही है।
करंट से अधेड़ की मौत
सिवनी. छपारा थाना क्षेत्र के ग्राम निवारी निवासी रामनारायण (४५) सोमवार की दोपहर नहाने के लिए नदी में गया था, जहां नदी में खेत की सिंचाई करने वाली पानी की मोटर लगी थी। उसमें करंट फैला हुआ था। अधेड़ नहाने के लिए जैसे ही उसमें उतरा करंट से मौत हो गई। रात तक घर नहीं आने पर परिजनों द्वारा ढूंढा गया। रात के समय नदी किनारे मृत मिला। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
सर्पदंश से वृद्धा की मौत
सिवनी. सर्पदंश से पीडि़त वृद्घा की मौत हो गई। पुलिस ने बतया कि उगली थाना के गांव विभारी गांव सकरी निवासी सुकवती गत दिवस जंगल की तरफ मवेशियों को लेकर चराने के लिए घर से गई थी। जंगल में मवेशी चराते समय उसे सर्प ने डस दिया। चीख सुन आसपास मौजूद दूसरे चरवाहे वहां पहुंचे और किसी तरह सांप को वृद्घा के पैर से खींचकर दूर फेंका। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया है।
अवैध शराब जब्त
सिवनी. कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव से पुलिस ने १८ लीटर कच्ची एवं १५ पाव देश शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट की कार्रवाई की है।
३७ नग मवेशी जब्त
मोहगांव. कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी के पास से पुलिस ने एक ट्रक से ३७ नग मवेशी जब्त किए है।
थाना प्रभारी केएस बघेल ने बतया कि मुखबिर की सूचना पर मेटेवानी बैरियर के पास से एक ट्रक में ३७ नग मवेशी भरकर नागपुर ले जा रहे आरोपी जुबेर कुरैशी एवं पीतम दास निवासी भोपाल को गिरफ्तार किया गया है। दोनो के विरूद्ध गौवंश अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। ३७ में तीन मवेशी मृत पाए गए। बाकी को कांजी हाउसे में छोड़ दिया गया है।
Updated on:
19 Sep 2018, 5:52 PM IST
Published on:
19 Sep 2018, 5:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.