
शहडोल. कांग्रेस की न्याय यात्रा गुरुवार को शहडोल से अनूपपुर के लिए रवाना हो गई। इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की। पत्रकारों से चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि टिकटों का बंटवारा इस बार किसी नेता की सिफारिश पर नहीं बल्कि गुजरात की तर्ज पर किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों का चयन तीन स्तर पर किया जाएगा, जो खरा उतरेगा उसे टिकट दिया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान माना कि शहडोल में संगठन कमजोर है। यहां सुधार की गुंजाइश है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में माहौल भाजपा के खिलाफ है। उन्होंने प्रीति रघुवंशी का मामला उठाते हुए कहा कि उसके परिजनों को धमकाया जा रहा है। सरकार, पुलिस और अन्य एजेंसियां इस मामले में आरोपियों के साथ खड़ीं हैं। दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा के बारे में अजय सिंह ने कहा कि ये उनकी निजी यात्रा थी।
पत्रकारों के साथ चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले साढ़े चौदह सालों से सभी वर्गों की अनदेखी कर रही है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। न्याय यात्रा में कम लोगों के पहुंचने पर अरुण यादव ने कहा कि अभी शादियों का सीजन चल रहा है, इस वजह से न्याय यात्रा में कम लोग पहुंच रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी में गुटबाजी की बात भी स्वीकार की। उन्होंने कहा कि जो छोटी-मोटी गुटबाजी है उसे चुनाव तक दूर कर लिया जाएगा।
सरकार लूट रही प्रदेश को : अरुण
धनपुरी. न्याय यात्रा के दौरान बुधवार को धनपुरी में भी एक कायक्रम आयोजित किया गया। यहां पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से वादाखिलाफी कर रही है। मुख्यमंत्री वादे तो बहुत करते है लेकिन निभाने में असफल रहते हैं। जिससे प्रदेश का गरीब, किसान, मजदूर कर्मचारी परेशान हैं। महिला उत्पीडऩ की वजह से भी प्रदेश की छवि खराब हो रही है। कार्यक्रम इमामबाड़े के पास आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी विचार रखे। न्याय यात्रा कार्यक्रम में बुढ़ार तहसील में पदस्थ रहे सेवानिवृत्त तहसीलदार अशोक मरावी एवं नगर पालिका धनपुरी में पदस्थ रहे सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र रावत ने कांग्रेस की सदस्यता ली। न्याय यात्रा में विधायक फुदेंलाल सिंह मार्को, पूर्व विधायक कमला सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी, ललन सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुबारक मास्टर, हनुमान खण्डेलवाल, इबरार खान, मों.आजाद, यशोदा सिंह, प्रदीप सिंह, अंकिता सिंह, प्रवीण सिंह, बलमीत सिंह खनूजा, भानू दीक्षित, राजीव शर्मा, विघा द्विवेदी, संतेाष सिंह सेंगर, रामआशीष पटेल, धीरेन्द्र पाण्डेय, हेमंत शर्मा, डीएस परिहार, अनिल जायसवाल, अशोक गुप्ता, मुकुल श्रीवास्तवआदि मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता नौशेरमा खान ने किया।
Published on:
19 Apr 2018 08:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
