अपने दामन में अपार संभावनाओं को समेटे शहडोल राजनीतिक अदूरदर्शिता की वजह से दुर्दशा झेल रहा है। शहर के विस्तार और विकास की असीम संभावनाएं हैं। शिक्षा और पर्यटन का इसे आदिवासी अंचल का मुख्य केंद्र बनाया जा सकता है लेकिन संकीर्ण स्वार्थों के चलते यहां के विकास को अवरुद्ध कर रखा जा रहा है। हालात ये हैं कि महज एक लाख की आबादी को भी यहां का प्रशासन और नगरीय निकाय साफ पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। स्वच्छता की चर्चा करना ही बेमानी है। यहां की पॉश कॉलोनियों में भी समय से सफाई कराने और कूड़ा उठाने की पुख्ता व्यवस्था नहीं हो सकी है। शहडोल की हालत बदलने के लिए यहां की राजनीतिक जमात और प्रशासनिक अधिकारी अपने संकीर्ण स्वार्थों से ऊपर उठकर प्रयास करने की स्थिति में नहीं हैं। राजनीतिक जमात को निर्माण कार्यों में रुचि अधिक है और अफसर अपना समय पूरा होने का इंतजार करते हैं। शहडोल के नवनियुक्त कमिश्नर और कलेक्टर ने शुरूआती एक हफ्ते में यहां स्वच्छता के लिए काफी सक्रियता दिखाई थी, स्वयं भी सड़कों पर निकले थे, लेकिन अब हालात फिर जस के तस हैं। मोहल्लों में साफ-सफाई की व्यवस्था न होने और मामूली बारिश में ही पानी भर जाने से हालात अभी से ही बिगडऩे लगे हैं। जगह-जगह जलभराव होने की वजह से बदबू और सड़ांध तो हो रही है, उनमें मच्छर भी पनप रहे हैं। इसको लेकर नगर पालिका की ओर से अभी तक कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। पेयजल को लेकर भी लोग अव्यवस्था झेल रहे हैं। कई दिन से लगातार दूषित पानी घरों में सप्लाई किया जा रहा है। हालांकि दिखावा जरूर किया जा रहा है कि सरकारी अमला इन समस्याओं को निपटाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन असलियत ये है कि इसके लिए उनके पास समय ही नहीं है। चुनाव का मौसम चल रहा है। अभी पूरा दल-बल राजधानी से आने वाले आदेशों की तामीली में जुटा हुआ है। चुनावी गोटियों को चौसर पर सजाया जा रहा है। इस समय नेताओं और अफसरों के पास नागरिकों को देने के लिए सिर्फ दिलासा है। समस्याओं पर बात करने के लिए उनके पास न तो समय है और न ही वे करना चाहते हैं। इसलिए आप सभी डायरिया और मलेरिया से लडऩे का खुद इंतजाम करिए।